- कॉपी लिंक
आयुष हैदराबाद के खिलाफ बैटिंग के समय चोटिल हुए थे।
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बल्लेबाज आयुष म्हात्रे IPL 2026 से बाहर हो गए हैं। टीम ने पुष्टि की कि 18 साल के बल्लेबाज को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई है और उन्हें 6 से 12 हफ्तों तक रिहैब करना होगा।
SRH के खिलाफ चोटिल हुए
18 अप्रैल को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ बैटिंग के दौरान उन्हें चोट लगी थी। उस मुकाबले में दूसरे रन की कोशिश में वह अचानक अपनी बाईं हैमस्ट्रिंग पकड़कर रुक गए थे।
मैच के दौरान उन्हें दो बार मैदान पर इलाज दिया गया, लेकिन आउट होने के बाद रामकृष्ण घोष और फिजियो टॉमी सिमसेक की मदद से उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया। बाद में सोमवार को उनकी स्कैनिंग कराई गई, जिसमें चोट की गंभीरता सामने आई।

SRH के खिलाफ आउट होने के बाद आयुष को कंधे के सहारे बाहर ले जाया गया था।
म्हात्रे दो अर्धशतक लगा चुके थे
चेन्नई के लिए अब तक इस सीजन आयुष म्हात्रे सबसे सफल बल्लेबाज रहे। उन्होंने दो अर्धशतक लगाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 177.87 का रहा है। म्हात्रे का बाहर होना CSK के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
टीम पहले ही टूर्नामेंट में लय हासिल करने के लिए संघर्ष कर रही है। CSK ने शुरुआती तीन मैच हारे, फिर लगातार दो जीत दर्ज की, लेकिन हाल ही में हैदराबाद में फिर हार झेलनी पड़ी।

आयुष ने इस IPL सीजन 201 रन बना चुके हैं।
खलील भी बाहर हुए
आयुष से पहले तेज गेंदबाज खलील अहमद भी टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। इसके अलावा नाथन एलिस चोट के कारण टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही बाहर हो चुके थे।
दूसरी तरफ, डेवाल्ड ब्रेविस शुरुआती मैचों में नहीं खेले थे, जबकि एमएस धोनी अब तक एक भी मैच में उपलब्ध नहीं रहे हैं। अब उनकी फिटनेस के आधार पर उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
CSK का अगला मुकाबला 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।

खलील इस IPL सीजन खेले 5 मैचों में 2 ही विकेट ले पाए थे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
