Diet Plan with ChatGPT: डाइट शुरू करने का सोच रहे हैं लेकिन समझ नहीं आ रहा कि रोज क्या खाएं? आप चैटजीपीटी की मदद से अपनी जरूरत के हिसाब से खाने का एक आसान प्लान तैयार कर सकते हैं।
क्या हो अगर आप चैटजीपीटी को अपनी पसंद, रोज की दिनचर्या और खाने से जुड़ी जरूरत बताएं और वह आपके लिए पूरे हफ्ते का डाइट प्लान बना दे? आजकल चैटजीपीटी सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं है। चैटजीपीटी की मदद से आप अपने रोज के खाने को बेहतर तरीके से तय कर सकते हैं। इसके लिए आपको बस कुछ जरूरी बातें उसे बतानी होंगी। आप जितनी साफ जानकारी चैटजीपीटी को देंगे, वह उतने ही बेहतर तरीके से आपकी जरूरत के हिसाब से खाने के सुझाव दे पाएगा। चलिए जानते हैं चैटजीपीटी से एक बैलेंस्ड डाइट चार्ट बनवाने के लिए उसको क्या-क्या जानकारी देनी होगी।
1. सबसे पहले बताएं आपका लक्ष्य क्या है
चैटजीपीटी से डाइट प्लान मांगते समय सबसे पहले अपना लक्ष्य बताएं। जैसे आपका वजन कम करना है, वजन बढ़ाना है, शरीर को फिट रखना है या बस रोज के खाने को थोड़ा बेहतर बनाना है। अगर लक्ष्य साफ होगा, तो उसके हिसाब से खाने का सुझाव लेना आसान रहेगा।
2. अपनी उम्र, लंबाई और वजन बताएं
डाइट सबके लिए एक जैसी नहीं हो सकती। इसलिए अपनी उम्र, लंबाई और वजन जैसी जानकारी दें। इससे आपको अपनी जरूरत के हिसाब से ज्यादा अच्छा प्लान मिल पाएगा। अगर आप दिनभर कितना चलते-फिरते हैं या कसरत करते हैं, यह भी बता दें। इससे खाने की जरूरत को समझने में मदद मिलेगी।
3. अपना रोज का खाना बताएं
आप आमतौर पर नाश्ते, दोपहर और रात में क्या खाते हैं, इसकी जानकारी भी दें। अगर बीच में चाय, फल या कोई और चीज खाते हैं, तो उसे भी बताएं। इससे चैटजीपीटी आपके पहले से चल रहे खाने के तरीके में ही छोटे और आसान बदलाव सजेस्ट कर सकता है।
4. अपनी पसंद और नापसंद साफ बताएं
आप शाकाहारी हैं या मांसाहारी, यह जरूर बताएं। साथ ही किन चीजों को खाना पसंद करते हैं और किन चीजों से बिल्कुल परहेज करते हैं, यह भी लिखें। मसलन, अगर आपको दाल, पनीर या दही पसंद है लेकिन कोई खास सब्जी पसंद नहीं है, तो इसकी जानकारी देने से प्लान आपके लिए ज्यादा आसान बन जाएगा।
5. अपना बजट और समय भी बताएं
डाइट प्लान ऐसा होना चाहिए जिसे आप लंबे समय तक फॉलो कर सकें। इसलिए यह भी बताएं कि खाना बनाने के लिए आपके पास कितना समय है और आपका खाने का बजट कितना है। अगर सुबह जल्दी निकलना होता है, तो चैटजीपीटी से ऐसे नाश्ते सुझाने को कह सकते हैं जिन्हें जल्दी तैयार किया जा सके।
6. पूरे हफ्ते का प्लान मांगें
सिर्फ एक दिन की जगह पूरे सात दिनों का खाने का प्लान मांगना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। आप अलग-अलग दिनों के लिए नाश्ता, दोपहर का खाना, शाम का नाश्ता और रात का खाना पूछ सकते हैं। साथ ही यह भी कहें कि खाने में अलग-अलग चीजें शामिल हों, ताकि रोज एक जैसा खाना ना पड़े।
7. चैटजीपीटी को सवाल भी पूछने दें
आप सीधे यह भी लिख सकते हैं कि डाइट प्लान बनाने से पहले मुझसे जरूरी सवाल पूछो। इससे वह आपकी जरूरत से जुड़ी और जानकारी ले सकता है। जितनी साफ जानकारी आप देंगे, उतना ही आपकी पसंद और दिनचर्या के हिसाब से सुझाव मिलना आसान होगा।
इस तरह लिखें चैटजीपीटी पर (Prompt) –
आप चैटजीपीटी में कुछ इस तरह लिख सकते हैं- मेरी उम्र, लंबाई और वजन यह है। मेरा लक्ष्य वजन कम करना है। मैं शाकाहारी हूं और घर का खाना खाती हूं। मेरे लिए सात दिन का आसान डाइट प्लान बनाएं। इसमें नाश्ता, दोपहर का खाना, शाम का नाश्ता और रात का खाना शामिल करें।’ इसके बाद जरूरत के हिसाब से आप इसमें बदलाव भी करवा सकते हैं। जैसे किसी चीज की जगह दूसरी चीज, कम खर्च वाला खाना या जल्दी बनने वाले कुछ ऑप्शंस।
नोट: चैटजीपीटी से मिला डाइट प्लान एक शुरुआती सुझाव हो सकता है। अगर आपको कोई बीमारी है, दवाएं चल रही हैं, गर्भावस्था है, खाने से एलर्जी है या डॉक्टर ने किसी चीज से बचने को कहा है, तो बिना विशेषज्ञ की सलाह के डाइट में बड़ा बदलाव ना करें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.