कांग्रेस ने रविवार को कहा कि उसने असम के तीन जिलों में बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण का फैसला किया है और पार्टी पदाधिकारियों को इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए हैं। यह फैसला शनिवार को असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के महासचिवों और उसके जिला समितियों के अध्यक्षों की बैठक में लिया गया। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव और असम प्रभारी भूपेश बघेल भी मौजूद थे।
पार्टी के एक बयान में कहा गया, ‘‘कांग्रेस ने असम के शिवसागर, जोरहाट और चराइदेव जिलों में भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों के मकानों के पुनर्निर्माण में मदद का हाथ बढ़ाने का फैसला किया है।’’
बयान में कहा गया, ‘‘असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के निर्देश के अनुसार पार्टी के सभी महासचिवों, जिला प्रभारियों और जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों को शिवसागर, जोरहाट और चराइदेव जिला कांग्रेस कमेटियों के साथ समन्वय करके उन गांवों की तत्काल पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां मकानों का पुनर्निर्माण किया जाना है।’’
बयान के अनुसार, असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव रमन्ना बरुआ द्वारा जारी औपचारिक पत्र के माध्यम से संबंधित सभी पदाधिकारियों को पूरी प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर लागू करने का निर्देश दिया गया है। इस साल असम में बाढ़ से कम से कम 108 लोगों की मौत हुई है। प्रभावित जिलों में मकानों, पशु शेड, मत्स्य पालन केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्रों समेत बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.