आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू अमरावती और अन्य प्रमुख परियोजनाओं से जुड़े सहयोग की समीक्षा एवं निवेश आकर्षित करने के मकसद से 15 से 16 जून तक सिंगापुर का दौरा करेंगे।
राज्य सरकार की तरफ से शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक, नायडू 14 जून को बेंगलुरु से सिंगापुर के लिए रवाना होंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त शिल्पक अंबुले से मुलाकात करेंगे और स्टार्टअप उद्यम पूंजी निवेशकों के साथ गोलमेज बैठक में शामिल होंगे। वह संयुक्त राष्ट्र-हैबिटैट की कार्यकारी निदेशक एनाक्लॉडिया रोसबाख के साथ भी बैठक करेंगे।
विज्ञप्ति के मुताबिक, नायडू सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग, विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन और अन्य वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात कर विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री गूगल क्लाउड के अध्यक्ष (एशिया-प्रशांत) करण बाजवा, जीआईसी के सलाहकार लिम सियांग गुआन, वाईसीएच ग्रुप के कार्यकारी चेयरमैन रॉबर्ट याप और नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर के अध्यक्ष प्रो. टैन एंग चाय सहित उद्योग एवं अकादमिक जगत के प्रतिनिधियों से भी मिलेंगे।
इसके अलावा, नायडू वर्ल्ड सिटीज समिट के लीडरशिप प्लेनरी सत्र को भी संबोधित करेंगे और विभिन्न निवेश-संबंधी कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
विज्ञप्ति के अनुसार, यह यात्रा आंध्र प्रदेश एवं सिंगापुर के बीच सहयोग को मजबूत करने, वैश्विक निवेश आकर्षित करने और अमरावती सहित राज्य की प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से की जा रही है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.