होशियारपुर में मोबाइल शॉप लूटने आए चार बदमाशों को दुकानदारों ने शटर गिराकर अंदर ही कैद कर लिया. खुद को फंसा देख बदमाश पंजाबी में गिड़गिड़ाने लगे कि ‘पाजी शटर उठा दो, हमें घर जाना है.’ पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है.
चोरी करने पहुंचे चोरों के साथ हो गया गेम.
घटना उस वक्त शुरू हुई जब ये चारों बदमाश हथियारों के साथ मोबाइल शॉप के अंदर दाखिल हुए. वहां मौजूद दुकानदार व दो लड़कियों को डराकर गुंडागर्दी करने लगे. शोर-शराबा सुनकर बाहर मौजूद अन्य दुकानदारों को माजरा समझते देर नहीं लगी. बहादुरी दिखाते हुए बाहर खड़े लोगों ने फुर्ती दिखाई और दुकान का शटर बाहर से नीचे गिरा दिया.
यहां देखिए वीडियो में देखिए कि चोर कैसे गुहार लगाते दिख रहे हैं-
जाल में फंस गए
अगले ही पल, लूटने आए लुटेरे खुद उस दुकान में ‘चूहे’ की तरह फंस गए. अंदर दुकानदार और दो लड़कियां भी मौजूद थीं. शुरुआत में तो बदमाशों ने डंडे मारकर और दुकानदार को धमकाकर शटर खुलवाने की कोशिश की, लेकिन जब उन्होंने देखा कि बाहर भीड़ जमा हो चुकी है और बचना नामुमकिन है, तो उनकी सारी हेकड़ी धरी की धरी रह गई.
पंजाबी में करने लगे मिन्नतें
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे खूंखार दिख रहे बदमाश अचानक चूहे बन गए. वे पंजाबी में मिन्नतें करते हुए कहने लगे ‘भाजी, शटर चुकवा देयो… सानूं जान दो… सानूं घर वी जाना.’ (भाई, शटर उठवा दो, हमें जाने दो… हमें घर भी जाना है). लुटेरों का यह ‘कॉमेडी’ अंदाज देखकर बाहर खड़ी भीड़ ने उनकी एक नहीं सुनी.
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही थाना मेहटियाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शटर उठाकर चारों आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा. थाना प्रभारी राजिंदर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है, जिसमें पीड़ित का एक रिश्तेदार भी शामिल बताया जा रहा है. पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है और दुकानदार के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
About the Author

दीप राज दीपक 2022 में न्यूज़18 से जुड़े. वर्तमान में होम पेज पर कार्यरत. राजनीति और समसामयिक मामलों, सामाजिक, विज्ञान, शोध और वायरल खबरों में रुचि. क्रिकेट और मनोरंजन जगत की खबरों में भी दिलचस्पी. बनारस हिंदू व…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.