बिहार के बाहुबली सांसद पप्पू यादव पर चप्पल से हमला करने वाले दोनों आरोपियों का यूपी के बुलंदशहर में जोरदार स्वागत हुआ। शुक्रवार को जमानत पर रिहा होकर पहुंचे तो भाजपा नेताओं ने दोनों पर फूल बरसाए। दोनों ने खुली जीप में 7 किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला। सुमित गिरी- हैप्पी शर्मा ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए घर पहुंचे। ढोल-नगाड़ों के बीच भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। बारिश में भीगते हुए डांस भी किया। परिवार वालों ने दोनों को गले लगा लिया। सुमित भाजपा का नगर मंत्री है। वहीं, हैप्पी मंडल महामंत्री है। दरअसल, सांसद पप्पू यादव ने 31 जुलाई को संसद में साधु के वेश में चंदा चोरी का नाटक किया था। इसके बाद लखनऊ समेत कई शहरों में उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए थे। एक हिंदूवादी नेता ने उनका सिर कलम करने वाले को 51 लाख रुपए का इनाम देने का ऐलान किया था। इस बीच, 2 अगस्त को बुलंदशहर के रहने वाले सुमित ने अपने साथी हैप्पी के साथ मिलकर पप्पू यादव पर हमला कर दिया था। उस दौरान पप्पू यादव ने सुमित को दबोच लिया था, जबकि उनके समर्थकों ने हैप्पी की जमकर पिटाई कर दी थी। फिर दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया था। 3 तस्वीरें देखिए… ‘सनातन धर्म के अपमान का सवाल पूछने पर भड़के थे पप्पू यादव’ सुमित गिरी और उनके साथी हैप्पी शर्मा ने आरोप लगाया था कि करोड़ों हिंदुओं के आराध्य भगवान श्रीराम के अपमान को लेकर सवाल पूछने पर पप्पू यादव भड़क गए। उन्होंने और उनके गुंडों ने हमला कर दिया। सुमित ने पप्पू यादव और उनके साथियों पर दिल्ली के तिलकनगर थाने में हमला, सोने की चेन और घड़ी लूट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। मां फूट-फूटकर रोई थीं, कहा था- बेटा सही सलामत घर आ जाए भाजपा नेता सुमित की गिरफ्तारी के बाद उनकी मां फूट-फूटकर रो पड़ी थीं। उन्होंने कहा था- मैं चाहती हूं कि बेटा सही सलामत घर आ जाए। मुझे और कुछ नहीं चाहिए। मेरा राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। वह ऑफिस जाने की बात कहकर घर से निकला था। उन्होंने रोते हुए अपील की थी कि बेटे को रिहा कर दिया जाए। पहले आरोपी सुमित-हैप्पी के बारे में जानिए- अब सांसद पर हमले की तस्वीरें देखिए… 31 जुलाई: पप्पू ने राममंदिर चंदा चोरी का नाटक किया मानसून सत्र के 10वें दिन पप्पू यादव भगवा चोला पहनकर साधु के वेश में दानपेटी लेकर संसद भवन पहुंचे थे। संसद परिसर में राममंदिर चढ़ावा चोरी के विरोध में एक शॉर्ट प्ले किया गया था। पुजारी बनकर आए पप्पू यादव ने जमीन पर बैठे थे। इसके बाद राहुल गांधी समेत अन्य सांसदों ने उन्हें चंदा दिया। दान के पैसे पप्पू यादव पेटी में न डालकर अपने पास रख रहे थे। इसके बाद ‘चोरी पकड़े जाने’ का नाटक करते हुए अवधेश प्रसाद समेत कई विपक्षी सांसदों ने पप्पू यादव की सांकेतिक पिटाई कर दी थी। प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव अयोध्या सांसद के पैर छूते दिखाई दिए थे। संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें देखिए- 1 अगस्त- पप्पू यादव-राहुल गांधी के खिलाफ FIR चढ़ावा चोरी का ‘नाटक’ करने पर राहुल-पप्पू यादव पर FIR वाराणसी में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सपा सांसद अवधेश प्रसाद और बिहार के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर FIR दर्ज हुई है। ये FIR पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालक दास ने कोतवाली थाने में कराई थी। इधर, लखनऊ में सनातन रक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुरोध राय ने चेतावनी देते कहा- पप्पू यादव के पापों का अंत हो गया है। सजा का समय आ गया है। राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी सनातन विरोधी हैं। अगर इन लोगों ने माफी नहीं मांगी तो सनातन रक्षा संगठन जुबान खींचकर खूंटे से बांध देगा। पप्पू यादव का सिर लाने वाले को ₹51 लाख देने का ऐलान किया। 2 अगस्त- हिंदू संगठनों ने पप्पू की पत्नी के घर के बाहर हंगामा किया पप्पू यादव की पत्नी और राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन के दिल्ली स्थित आवास के बाहर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और साधु-संतों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस पर पप्पू यादव ने चेतावनी देते हुए कहा- अगर मेरे बच्चों और परिवार तक पहुंचे, तो महाभारत से भी बड़ा महाभारत होगा। हम अपनी लड़ाई में बच्चों को शामिल नहीं करते। हमें ऐसे कमजोर संस्कार नहीं मिले हैं। 5 अगस्त- दोनों भाजपा नेताओं ने पप्पू यादव के खिलाफ दी तहरीर सुमित ने पप्पू यादव के खिलाफ मारपीट, लूट और जान से मारने की धमकी के आरोप लगाए। तिलक मार्ग थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई कि यदि भविष्य में उसे या उसके दोस्त हैप्पी को कथित धमकियों के कारण कोई नुकसान या अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए पप्पू यादव, मुनाजिर आलम और उनके सहयोगियों को जिम्मेदार माना जाए। ———————- ये खबर भी पढ़ेंः- अतीक के बेटे को झांसी जेल से लेने पहुंची पुलिस:थोड़ी देर में बाहर आएगा अली; प्रयागराज में छोटे भाई के जनाजे में शामिल होगा माफिया अतीक अहमद का बेटा अली थोड़ी देर पहले झांसी जेल से बाहर आएगा। पुलिस वैन उसे लेने पहुंच गई है। वह सीधे प्रयागराज जाएगा और 21 साल के छोटे भाई अबान के जनाजे में शामिल होगा। लखनऊ जेल में बंद अली का बड़ा भाई उमर भी जनाजे में शामिल होगा। थोड़ी देर में उसे भी पुलिस लेकर निकलेगी। दोनों को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पैरोल दी है। दोनों को जेल से प्रयागराज पहुंचने में 6-7 घंटे लग सकते हैं। पूरी खबर पढ़ें…
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.