(एम जुल्करनैन)
लाहौर, एक अक्टूबर पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के लाहौर में भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े ऐतिहासिक नेहरू पार्क के जीर्णोद्धार का काम शुरू हो गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। कृष्णा नगर इलाके में स्थित नेहरू पार्क उस स्थान पर बना है, जहां भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपने ऐतिहासिक लाहौर अधिवेशन के दौरान 31 दिसंबर, 1929 को ‘पूर्ण स्वराज’ का प्रस्ताव पारित किया था।
इस प्रस्ताव में भारत के लिए पूर्ण स्वशासन और ब्रिटिश शासन से पूरी स्वतंत्रता की मांग की गई थी। उस समय कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष जवाहरलाल नेहरू ने इस घोषणा के प्रतीक के तौर पर इसी स्थान पर भारतीय ध्वज फहराया था। पार्क्स एंड हॉर्टिकल्चर अथॉरिटी (पीएचए) के महानिदेशक अहमद उस्मान जावेद ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि सरकार ने ऐतिहासिक नेहरू पार्क का पूरी तरह जीर्णोद्धार करने का फैसला किया है और इस दिशा में काम शुरू हो गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘बागवानी शाखा पार्क को नया रूप देने के लिए हरी-भरी घास और रंग-बिरंगे मौसमी फूल लगा रही है, जबकि इंजीनियरिंग टीम रात में रोशनी की व्यवस्था करने के साथ बेंच और बच्चों के झूले लगाएगी, ताकि इसे परिवारों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाया जा सके।’’
जावेद ने कहा, ‘‘ऐतिहासिक पार्क की खूबसूरती बढ़ाने के लिए कई सजावटी फव्वारे भी लगाए जाएंगे। नेहरू पार्क सिर्फ एक सार्वजनिक पार्क नहीं, बल्कि ऐतिहासिक महत्व वाला स्थल है। हरे-भरे सार्वजनिक स्थान के रूप में इसे बहाल करते हुए इसकी ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित करना हमारी जिम्मेदारी है।’’
उन्होंने कहा कि जीर्णोद्धार का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
जावेद के अनुसार, यह परियोजना शहर में पीएचए के अधिकार क्षेत्र वाले 800 से अधिक छोटे सामुदायिक पार्कों के जीर्णोद्धार और नवीनीकरण की व्यापक योजना का हिस्सा है। इस वर्ष की शुरुआत में पंजाब सरकार ने लाहौर की कई सड़कों और गलियों के विभाजन-पूर्व नाम बहाल करने की घोषणा की थी, लेकिन चरमपंथी तत्वों के दबाव के बाद इस फैसले को टाल दिया गया था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.