Sanju Samson: जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में संजू सैमसन का नाम नहीं होने के बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि क्या उन्हें ड्रॉप कर दिया गया है. हालांकि, अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस पर स्थिति साफ कर दी है. बोर्ड के मुताबिक, संजू को टीम से बाहर नहीं किया गया है, बल्कि व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम और एशियन गेम्स को ध्यान में रखते हुए उन्हें आराम दिया गया है.
BCCI ने बताई गैरमौजूदगी की वजह
जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए सोमवार (6 जुलाई) को 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान किया गया. टीम में प्रभसिमरन सिंह, अभिषेक शर्मा और 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को सलामी बल्लेबाज के रूप में जगह मिली, लेकिन संजू सैमसन का नाम शामिल नहीं था. इसके बाद चयनकर्ताओं के फैसले पर सवाल उठने लगे. बीसीसीआई के एक वरिष्ठ सूत्र ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि संजू सैमसन को जिम्बाब्वे दौरे पर प्लेइंग इलेवन में मौका मिलने की संभावना बेहद कम थी. ऐसे में उन्हें टीम के साथ भेजने के बजाय आराम देने और युवा खिलाड़ियों को अवसर देने का फैसला किया गया.
एशियन गेम्स में खेलेंगे संजू
सूत्र ने कहा, ‘संजू को जिम्बाब्वे दौरे के लिए आराम दिए जाने पर इतनी हैरानी क्यों हो रही है? जो लोग इस फैसले पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि संजू सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं. जब उन्हें जिम्बाब्वे दौरे पर खेलने का मौका ही नहीं मिलना था तो उन्हें टीम के साथ ले जाने का कोई मतलब नहीं था. वह एक सीनियर खिलाड़ी हैं.,
हालिया प्रदर्शन पर भी उठे थे सवाल
संजू सैमसन के टीम से बाहर होने की चर्चा इसलिए भी तेज हुई क्योंकि हाल के मुकाबलों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. आयरलैंड दौरे पर उन्होंने 0 और 5 रन बनाए. इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में वह सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए. लगातार तीन खराब पारियों के बाद दूसरे टी20 में उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका मिला.
वर्ल्ड कप में रहे थे हीरो
हालांकि, हालिया खराब फॉर्म से पहले संजू सैमसन ने टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने नॉकआउट मुकाबलों में नाबाद 97, 89 और 89 रन की अहम पारियां खेलकर भारत को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई थी. इसी प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया था.
इसके बाद आईपीएल 2026 में भी संजू ने 14 मैचों में 477 रन बनाए. हालांकि, आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती मुकाबलों में उनका बल्ला शांत रहा. अब BCCI ने साफ कर दिया है कि जिम्बाब्वे दौरे से उनकी गैरमौजूदगी का कारण खराब फॉर्म नहीं, बल्कि उन्हें दिया गया आराम और भविष्य की योजनाएं हैं.
यह भी पढ़ें- IND vs ENG 3rd T20I: क्या बारिश में धुल जाएगा भारत-इंग्लैंड का तीसरा टी20? मौसम पर आया डराने वाला अपडेट
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.