भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने एशियन गेम्स को लेकर बड़ा फैसला लिया है। भारतीय क्रिकेटर अब आयोजकों द्वारा उपलब्ध कराए गए होटल में रहेंगे। अलग से इंडियन प्लेयर्स के लिए होटल की व्यवस्था नहीं की जाएगी।
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने भी कहा कि आवास से जुड़ी समस्या का समाधान कर लिया गया है। उषा ने कहा, ”कोई समस्या नहीं है। हमने होटल पहले ही बुक कर लिए हैं। हम हर खिलाड़ी के लिए अलग से होटल का कमरा बुक नहीं कर सकते, क्योंकि वहां खिलाड़ियों के गांव जैसी व्यवस्था नहीं है। आयोजक जहाज और छोटे विला जैसी आवास सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहे हैं।”
अलग-अलग कमरों में रहेंगे भारतीय क्रिकेटर
शुक्ला ने स्पष्ट किया कि भारतीय क्रिकेटर दो खिलाड़ियों के साझा कमरों में नहीं, बल्कि अलग-अलग कमरों में ठहरेंगे। भारतीय टीम 20 सितंबर को तोक्यो के लिए रवाना होगी और 22 सितंबर को जापान के खिलाफ ऐतिहासिक टी20 मुकाबला खेलेगी। भारत एशियाई खेलों में अपने अभियान की शुरुआत 28 सितंबर को करेगा। उन्होंने कहा, ”समस्या यह थी कि नागोया में ज्यादा होटल नहीं हैं। तोक्यो बुलेट ट्रेन से करीब डेढ़ घंटे की दूरी पर है और ओसाका भी इतनी ही दूर है। एशियाई खेलों में सभी प्रतिभागी एक परिवार की तरह होते हैं। यह अच्छा नहीं लगता कि कुछ टीमें तोक्यो में और कुछ ओसाका में ठहरें। इसलिए तय किया गया कि हमारे खिलाड़ी नागोया में ही होटल में ठहरेंगे।”
आवास बड़ा मुद्दा नहीं है, चिंता मैदान, पिच, ड्रेसिंग रूम की थी
शुक्ला ने आवास के मुद्दे को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि असली चिंता मैदान, पिच और ड्रेसिंग रूम की स्थिति को लेकर थी। उन्होंने बताया कि एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) की टीम नागोया का दौरा कर चुकी है और वहां की व्यवस्थाओं से संतुष्ट है। उन्होंने कहा, ”बड़ा मुद्दा मैदान, पिच और ड्रेसिंग रूम का था। आयोजकों ने इन सभी चीजों पर काम किया है। एसीसी की टीम वहां गई थी और अब वह मैदान, पिच तथा ड्रेसिंग रूम समेत सभी व्यवस्थाओं से संतुष्ट है।” क्रिकेटरों के आवास की व्यवस्था किसने की यह पूछे जाने पर शुक्ला ने कहा, ”इसकी व्यवस्था भारतीय ओलंपिक संघ, एशियाई खेल आयोजन समिति और जापान क्रिकेट संघ मिलकर कर रहे हैं।”
उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम की तैयारियों के बारे में पूछे जाने पर कहा, ”भारत निश्चित तौर पर वहां अच्छा प्रदर्शन करेगा। भारतीय टीम 22 सितंबर को पहली बार जापान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच (सुजुकी कप) खेलेगी। यह जापान में होने वाला पहला मैच होगा। एशियाई खेलों की दृष्टि से आयोजन बहुत अच्छी तरह किया जा रहा है।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.