बिरयानी खाने का मन है लेकिन कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं? तो बेंगलुरु की मशहूर पनीर बिरयानी घर पर बनाकर देखें। मसालेदार पनीर, खुशबूदार चावल और दम पर पकने से इसका स्वाद काफी खास हो जाता है।
अगर आपको पनीर और बिरयानी दोनों पसंद हैं, तो यह रेसिपी आपको जरूर पसंद आएगी। बेंगलुरु में मिलने वाली यह पनीर बिरयानी अपने अलग स्वाद और मसालेदार पनीर की वजह से काफी पसंद की जाती है। इसका स्वाद मसालेदार और थोड़ा मलाईदार है, जो इसे आम बिरयानी से अलग बनाता है। इसे आप लंच, डिनर या किसी खास मौके पर भी बना सकते हैं। खास बात यह है कि घर पर इसे बनाना उतना मुश्किल नहीं है, जितना पहली नजर में लगता है।
अगर आप घर पर कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो स्वाद में थोड़ा खास हो और खाने में बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा लगे, तो इस पनीर बिरयानी को जरूर ट्राई करें।
- सबसे पहले पनीर
- एक कटोरी में पनीर के टुकड़े लें। इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च, कॉर्नफ्लोर का घोल और मैदा डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। अब पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और पनीर के टुकड़ों को हल्का कुरकुरा होने तक सेंक लें।
टिप: पनीर को पहले हल्के नमक और हल्दी वाले गुनगुने पानी में थोड़ी देर भिगो लें। इससे पनीर नरम रहेगा।
2. मसालेदार ग्रेवी
उसी पैन में थोड़ा तेल डालें। इसमें बारीक कटा हुआ प्याज डालकर नरम होने तक पकाएं। अब इसमें हरी मिर्च, करी पत्ता और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें। थोड़ी देर भूनने के बाद टमाटर की प्यूरी डालें। अब नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और शाही बिरयानी मसाला डालकर अच्छी तरह पकाएं। मसाला तब तक पकाएं जब तक तेल अलग दिखाई देने ना लगे।
3. दही और पनीर डालें
- अब आंच धीमी कर दें और धीरे-धीरे फेंटा हुआ दही डालें। दही डालते समय लगातार चलाते रहें, ताकि वह फटे नहीं। इसके बाद कसूरी मेथी और ताजा पुदीना डालें। अब कुछ देर और पकाएं।
- अब पहले से सेंका हुआ पनीर डालकर ग्रेवी के साथ अच्छी तरह मिला दें। कुछ देर पकाएं, ताकि पनीर में मसाले का स्वाद अच्छी तरह आ जाए।
- आखिर में फ्रेश क्रीम और हरा धनिया डालें। थोड़ा सा पनीर और मसाला अलग निकालकर रख दें। इसे बाद में बिरयानी के ऊपर डालना है।
4. बिरयानी के लिए चावल
- बासमती चावल को पहले पानी में भिगो दें। चावल पकाने के लिए चावल और पानी का अनुपात 1:3 रखें। एक बर्तन में पानी गर्म करें। इसमें थोड़ा तेल, नमक, धनिया की डंठल, थोड़ा नींबू का रस, तेज पत्ता, लौंग, बड़ी इलायची, छोटी इलायची, काली मिर्च और दालचीनी डालें।
- पानी में उबाल आने के बाद भीगे हुए बासमती चावल डालें। चावल को करीब 80 से 90 प्रतिशत तक पकाएं। चावल पूरी तरह गलने नहीं चाहिए।
- चावल पकने के तुरंत बाद उसे छलनी में निकाल लें और एक्सट्रा पानी अच्छी तरह निकाल दें।
5. बिरयानी की लेयरिंग
- पैन में बची हुई पनीर की ग्रेवी को फैला दें। इसके ऊपर पके हुए बासमती चावल की एक अच्छी परत लगाएं।
- अब ऊपर से केसर वाला पानी, थोड़ा घी और हरा धनिया डालें। पैन को ढककर धीमी आंच पर दम पर पकाएं।
- धीमी आंच पर पकने से चावल में पनीर की ग्रेवी और सभी मसालों का स्वाद अच्छी तरह मिल जाएगा।
6. फाइनल टच
- दम देने के बाद ढक्कन खोलें और ऊपर से पहले अलग रखा हुआ पनीर और थोड़ा मसाला डाल दें।
- बस तैयार है बेंगलुरु स्टाइल पनीर बिरयानी। इसे गर्मागर्म परोसें और साथ में ठंडा रायता रखें। मसालेदार पनीर, खुशबूदार चावल और मलाईदार ग्रेवी का स्वाद इस बिरयानी को और भी खास बना देता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.