भारत के आयुष शेट्टी ने बुधवार को बैडमिंटन एशियाई चैंपियनशिप में चीन के विश्व में सातवें नंबर के खिलाड़ी लिन शी फेंग को सीधे गेम में हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
पिछले साल यूएस ओपन सुपर 300 का खिताब जीतने वाले विश्व के 25वें नंबर के खिलाड़ी आयुष ने 51 मिनट में 21-13 21-16 से जीत दर्ज की।
लिन ने शुरुआत में ही 4-1 की बढ़त बना ली, लेकिन आयुष ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे खेल पर नियंत्रण बनाकर पहला गेम अपने नाम कर दिया।
दूसरे गेम में चीन के खिलाड़ी ने अच्छी शुरुआत करके 4-1 से बढ़त हासिल कर दी और फिर इसे 12-9 तक बढ़ा दिया, लेकिन आयुष ने लगातार छह अंक बनाकर मैच का रुख पलट दिया और स्कोर 18-13 कर दिया।
लिन ने अंतर कम करते हुए स्कोर 16-18 कर दिया, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अपना संयम बनाए रखा और खिताब के दावेदार माने जा रहे लिन को बाहर का रास्ता दिखा दिया।
भारत का कोई भी खिलाड़ी 1965 के बाद इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में पुरुष एकल का खिताब नहीं पाया है। तब दिनेश खन्ना ने खिताब जीता था।
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने 2023 में पुरुष युगल का खिताब जीता था। सात्विक के चोटिल होने के कारण यह स्टार भारतीय जोड़ी इस बार टूर्नामेंट में भाग नहीं ले रही है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.