ऑस्ट्रेलिया ने अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी के तहत जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका दौरे के लिए 17 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। खराब फॉर्म से जूझ रहे मार्नस लाबुशेन को टीम में जगह नहीं मिली है। वहीं जोएल डेविस पहली बार वनडे टीम में चुने गए हैं। मिचेल मार्श और ट्रैविस हेड की वापसी हुई है, जबकि पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम से जुड़ेंगे। लाबुशेन लंबे समय से ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भारत के खिलाफ नाबाद अर्धशतक लगाकर टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि हालिया प्रदर्शन में गिरावट के बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें इस दौरे से बाहर कर दिया। पिछले 18 वनडे पारियों में उनका औसत 21.87 रहा है। जोएल डेविस को पहली बार वनडे टीम में जगह न्यू साउथ वेल्स के ऑलराउंडर जोएल डेविस को पहली बार ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम में चुना गया है। उन्होंने जून में बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। युवा ओली पीक भी टीम में अपनी जगह बनाए रखने में सफल रहे हैं। कूपर कोनोली को भी टीम में बरकरार रखा गया है। चयन प्रमुख जॉर्ज बेली ने कहा कि जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका में होने वाली छह मैचों की सीरीज अगले साल के वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण है। 2027 का वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाना है। जिम्बाब्वे में मार्श, साउथ अफ्रीका में कमिंस जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन वनडे मैचों में मिचेल मार्श टीम की कप्तानी करेंगे। नियमित कप्तान पैट कमिंस साउथ अफ्रीका चरण में टीम से जुड़ेंगे। हालांकि कमिंस ने संकेत दिया है कि वे साउथ अफ्रीका के सभी तीन वनडे नहीं खेलेंगे, ऐसे में मार्श फिर कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। मिचेल स्टार्क भी साउथ अफ्रीका चरण में वनडे टीम में वापसी करेंगे। जोश हेजलवुड दोनों सीरीज के लिए टीम में हैं। स्पेंसर जॉनसन भी एक साल से ज्यादा समय बाद वनडे क्रिकेट में वापसी करेंगे, जबकि बिली स्टेनलेक को भी तेज गेंदबाजी आक्रमण में शामिल किया गया है। 15 सितंबर से जिम्बाब्वे में सीरीज ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच तीन वनडे 15, 18 और 20 सितंबर को हरारे में खेले जाएंगे। इसके बाद साउथ अफ्रीका में 24 सितंबर को डरबन, 27 सितंबर को जोहान्सबर्ग और 30 सितंबर को पोटचेफस्ट्रूम में तीन वनडे होंगे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट मैच खेलने हैं। पहला टेस्ट 9 अक्टूबर से डरबन में शुरू होगा। ऐसे में लाबुशेन के लिए टेस्ट टीम में जगह बनाए रखना भी चर्चा का विषय रहेगा। हालांकि ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं ने संकेत दिया है कि टेस्ट और वनडे चयन को अलग-अलग देखा जाएगा। ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम जैवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, पैट कमिंस (साउथ अफ्रीका चरण), जोएल डेविस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, मिचेल मार्श, ओली पीक, मैथ्यू रेनशॉ, बिली स्टेनलेक, मिचेल स्टार्क (साउथ अफ्रीका चरण), एडम जम्पा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.