मिचेल स्टार्क और मेहदी हसन मिराज के बीच पहले टेस्ट के दूसरे दिन विकेट के बीच दौड़ने को लेकर बहस हुई, जहां अंपायर ने आकर बीच बचाव किया।
मिचेल स्टार्क ने खोया आपा
बांग्लादेश की पारी के 103वें ओवर में स्टार्क और मिराज आमने-सामने थे। दरअसल स्टार्क की गेंद पर मेहदी हसन मिराज ने एक रन चुराया और इस दौरान वह विकेट के बीच से दौड़ रहे थे और स्टार्क से भी भिड़ने से बचे। हालांकि स्टार्क अपने आप पर काबू नहीं रख सके और बांग्लादेशी बल्लेबाज को जमकर सुनाया। स्टंप माइक पर रिकॉर्ड बातचीत के दौरान स्टार्क ने कहा, ”ये मेरा फॉलो थ्रू है और तुम्हारा नहीं है। विकेट से हटो। ये बांग्लादेश नहीं है।” क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने घटना का वीडियो शेयर किया है। ऑन-फील्ड अंपायर कुमार धर्मसेना मेहदी के पास गए और घटना को लेकर उन्हें चेतावनी देते नजर आए। हसन ने बताया कि वह गेंद देख रहा था और स्टार्क को अपने रास्ते में नहीं देखा।
बांग्लादेश ने बनाई बढ़त
तंजीद हसन के करियर के पहले शतक की मदद से बांग्लादेश ने शुक्रवार को दो मैच की टेस्ट सीरीज के पहले मैच के दूसरे दिन स्टंप तक छह विकेट पर 351 रन बनाकर शीर्ष रैंकिंग पर काबिज ऑस्ट्रेलिया पर 153 रन की बढ़त हासिल कर ली। तंजीद ने नाथन लायन की गेंद पर एक रन लेकर 188 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। हालांकि धैर्यपूर्ण और जुझारू पारी खेलने के बाद वह केवल एक और रन जोड़ सके। इसके बाद उन्होंने अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर की गेंद को हवा में खेल दिया और लांग-ऑफ पर मिचेल स्टार्क ने उनका कैच लपक लिया। तंजीद ने दो अहम साझेदारियां करके बांग्लादेश की पारी को बढ़त दिलाने में मदद की। उन्होंने मोमिनुल हक (49) के साथ दूसरे विकेट के लिए 102 रन और कप्तान नजमुल हुसैन शांटो के साथ तीसरे विकेट के लिए 93 रन जोड़े। शांटो ने 126 गेंदों में 84 रन बनाए, लेकिन दूसरी नयी गेंद लेने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने चार ओवर में तीन विकेट लेकर मैच में वापसी की कोशिश की।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.