भारतीय महिला निशानेबाजों ने मंगलवार को यहां एशियाई खेलों की ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता, जबकि पुरुष टीम को निराशाजनक छठे स्थान से संतोष करना पड़ा। नीरू धांडा (118), आशिमा अहलावत (106) और मनीषा कीर (104) की भारतीय टीम ने कुल 328 अंक जुटाकर दूसरा स्थान हासिल किया। चीन की टीम 346 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीतकर शीर्ष पर रही।
चीन की टीम में लियू शानशान, सुन युनोंग और झू जिंग्यू शामिल थीं। कुवैत की अलहवाल शाहद, अब्दुलमलिक हजर और अलहवाल सारा की टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया। नीरू ने व्यक्तिगत स्पर्धा के आठ निशानेबाजों वाले फाइनल में भी जगह बनाई।
उन्होंने कतर की रे बेसिल के साथ संयुक्त रूप से 118 अंक हासिल किए, जो एशियाई खेलों में क्वालीफिकेशन का नया रिकॉर्ड है। व्यक्तिगत स्पर्धा में आशिमा अहलावत 16वें और मनीषा कीर 23वें स्थान पर रहीं। भारतीय पुरुष ट्रैप टीम 10 टीमों के बीच निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए छठे स्थान पर रही।
शपथ भारद्वाज हालांकि आठवें स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में सफल रहे। मेरठ के 24 वर्षीय शपथ ने अंतिम दो क्वालीफाइंग स्थानों के लिए हुए शूट-ऑफ में मोहम्मद अल-रुमैही को पछाड़कर आठवां और आखिरी स्थान हासिल किया। शपथ भारद्वाज, कायनान चेनाई और अहवर रिजवी की भारतीय तिकड़ी ने कुल 339 अंक जुटाए।
कुवैत ने 355 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कतर ने 349 अंक के साथ रजत और कजाखस्तान ने 348 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया। चेनाई, जोरावर सिंह संधू और पृथ्वीराज तोंडाइमन की भारतीय पुरुष ट्रैप टीम ने चीन में हुए पिछले एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.