जम्मू-कश्मीर के बालटाल से श्रीनगर जा रही मंदसौर की बस करीब 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। बस में सवार करीब 40 श्रद्धालु सवार थे, जो अमरनाथ यात्रा से लौट रहे थे। बस में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें मध्यप्रदेश और राजस्थान के यात्री शामिल हैं। हादसे में सभी यात्री घायल हैं, जबकि दो को गंभीर चोटें आई हैं। ये हादसा गांदरबल जिले के रंगा मोड़ के पास हुआ। स्थानीय लोगों और राहत-बचाव दल ने सभी यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को पहले उप जिला अस्पताल कंगन ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सौरा, श्रीनगर रेफर किया गया। जानकारी के मुताबिक ज्यादातर यात्रियों को मल्टीपल इंजरी और हेड ट्रॉमा है। फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई गई है और उनका उपचार जारी है। मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने हादसे की जानकारी लेकर अधिकारियों से घायलों की हालत पर चर्चा की है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी हादसे से अवगत कराया। देवड़ा ने बताया कि दुर्घटना में मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र सहित मध्य प्रदेश और राजस्थान के यात्री घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि वे लगातार जम्मू-कश्मीर प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं, ताकि घायलों को बेहतर इलाज और जरूरी मदद मिल सके। तीन तस्वीरें देखिए… मंदसौर की कंपनी ने किराए पर ली थी बस बस अजमेर की एक ट्रेवल कंपनी की थी। इसे मंदसौर की मां भगवती यात्रा कंपनी के एजेंट ने अमरनाथ यात्रा के लिए किराए पर लिया था। कंपनी की कुल चार बसें जम्मू-कश्मीर गई थीं, जिनमें से एक हादसे का शिकार हो गई। श्रीनगर के अस्पतालों में चल रहा घायलों का इलाज सभी घायलों को श्रीनगर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन घायलों की पहचान और उनकी हालत की जानकारी जुटा रहा है। फिलहाल, यात्रियों के इलाज पर ध्यान दिया जा रहा है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस जांच कर रही है। मंदसौर प्रशासन भी बनाए हुए है नजर मंदसौर जिला प्रशासन भी जम्मू-कश्मीर प्रशासन के संपर्क में है। अधिकारियों द्वारा यात्रियों की स्थिति की जानकारी उनके परिजनों तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन का कहना है कि घायलों की हर संभव मदद की जा रही है और मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.