भारत के स्टार पिस्टल निशानेबाज अमनप्रीत सिंह ने अपने कैरियर का सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियाई चैम्पियनशिप के आखिरी दिन शुक्रवार को 25 मीटर सेंटर फायर में स्वर्ण जीता और इस स्पर्धा के तीनों पदक भारत की झोली में गिरे।
अड़तीस वर्ष के अमनप्रीत ने 589 अंक लेकर स्वर्ण अपने नाम किया जबकि ओलंपियन गुरप्रीत सिंह ने 584 अंक के साथ रजत पदक जीता और अंकुर गोयल को 570 अंक के साथ कांस्य पदक मिला।
अमनप्रीत सिंह ने जीता स्वर्ण पदक
भारतीय तिकड़ी ने टीम वर्ग में भी पीला तमगा अपने नाम किया जबकि वियतनाम को रजत पदक मिला।
भारत ने आखिरी दिन सात पदक जीते और टीम ने 13 स्वर्ण, 11 रजत और नौ कांस्य समेत 33 पदक जीते।
सिफत कौर सामरा ने महिलाओं के 50 मीटर राइफल प्रोन वर्ग में रजत पदक जीता।
अनुभवी तेजस्विनी सावंत ने कांस्य पदक हासिल किया जबकि कजाखस्तान की येलिजावेता बेजरूकोवा को स्वर्ण पदक मिला।
सामरा, सावंत और जयपुर की मानिनी कौशिक की भारतीय तिकड़ी ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
कजाखस्तान 0 . 1 अंक पीछे दूसरे स्थान पर रहा।
भारत की धवलिका देवी ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल जूनियर प्रोन स्पर्धा में कांस्य पदक जीता जबकि कजाखस्तान की तोमिरिस अमानोवा ने स्वर्ण और दरिया पोनोमारेंको ने रजत पदक जीता।
भारत की ख्वाहिश शर्मा ने आरपीओ (सिर्फ रैंकिंग अंक) में तीसरा स्थान हासिल किया लेकिन वह पदक के लिये नहीं खेल पाई क्योंकि इस वर्ग के प्रतिस्पर्धी सिर्फ रैंकिंग अंक के लिये खेलते हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.