Republic Summit 2026: दिल्ली के मशहूर ताज होटल में हो रहे ‘रिपब्लिक समिट 2026’ में सोमवार, 22 जून को साउथ के सुपरस्टार राम चरण ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने ब्लॉकबस्टर ‘पेद्दी’ के सक्सेस और ये फिल्म करने के पीछे की कहानी को शेयर किया। इसके साथ ही उन्होंने अपने करियर के बारे में भी कई अनसुनी बातों को शेयर किया। एक्टर ने बताया कि एक सुपरस्टार की फैमिली से आने के बाद करियर में आगे बढ़ना कितना चुनौती पूर्ण होता है। आइए जानते हैं कि उन्होंने ‘रिपब्लिक’ के मंच पर कौन- कौन सी बातों को शेयर किया है।
बचपन का माहौल और सामान्य परवरिश
राम चरण ने सुपरस्टार की फैमिली के घराने से आने के बाद सक्सेस पाने को लेकर बात करते हुए कहा, ‘बचपन से ही मेरे घर पर बड़े-बड़े डायरेक्टर और प्रोड्यूसर आते थे। वे अक्सर मेरे कंधों पर भारी जिम्मेदारी डाल जाते थे और कहते थे कि तुम्हें एक दिन अपने पिता जैसा बनना है, बल्कि उनसे भी बेहतर करना है। लेकिन मैं उस समय बहुत नासमझ था; मैं उन बातों पर ध्यान ही नहीं देता था। मेरे पिता ने घर के माहौल को फिल्मी दुनिया से पूरी तरह अलग रखा था। हमारे डाइनिंग टेबल पर कभी फिल्मों, स्टारडम या डायलॉग्स की चर्चा नहीं होती थी। वह सब कुछ केवल उनके ऑफिस तक ही सीमित था। इसीलिए, हम पर कभी स्टारडम का कोई दबाव नहीं रहा और हम बिल्कुल सामान्य बच्चों की तरह बड़े हुए।’
सिनेमा की सच्चाई और दर्शकों का नजरिया
इसी कड़ी में उन्होंने कहा, ‘मैं इस बात से सहमत हूं कि फिल्मी परिवार से होने के कारण हमें एक अच्छा मंच आसानी से मिल जाता है। लेकिन, जो आम जनता है, जो मेहनत से पैसा कमाती है, वे किसी एक्टर का बेटा होने के नाते फिल्म देखने नहीं आते। उनके लिए सिर्फ ‘सिनेमा’ मायने रखता है। दर्शकों को अच्छी फिल्में, अच्छी एक्टिंग और आपकी मेहनत से मतलब होता है। अगर आप अपने काम के प्रति ईमानदार हैं और एक अच्छी फिल्म का हिस्सा हैं, तो जनता का नजरिया सिर्फ आपके काम पर केंद्रित रहता है।’
राम चरण ने लास्ट में कहा, ‘मेरा यह मानना है कि आपकी फिल्मी विरासत या किसी बड़े नाम का सहारा केवल पहली फिल्म तक ही काम आ सकता है। उसके बाद, आपकी सफलता पूरी तरह से आपकी मेहनत और ईमानदारी पर निर्भर करती है। यदि आप अपने काम को लेकर सिंसियर नहीं हैं, तो कोई भी बैकग्राउंड आपको लंबे समय तक टिकने में मदद नहीं कर सकता। दर्शक हमेशा टैलेंट और कड़ी मेहनत को ही सराहते हैं, न कि इस बात को कि आप किसके बेटे हैं।’
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.