Alka Yagnik: बॉलीवुड की मशहूर सिंगर अलका याग्निक इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। हाल ही में उन्हें राष्ट्रपति भवन में देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म भूषण से नवाजा गया है। इस दौरान का एक वीडियो इंटरनेट पर काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वह काफी कमजोर नजर आ रही थीं और मंच तक जाने के लिए उन्हें सहारा लेना पड़ा था। इस वीडियो को देखने के बाद फैंस उनकी तबीयत को लेकर काफी चिंतित हो गए थे। बता दें कि अलका याग्निक सेंसोरिन्यूरल हियरिंग लॉस नाम की बीमारी से जूझ रही हैं। अब इस मामले में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करके हेल्थ अपडेट शेयर की है।
अलका याग्निक ने खुद शेयर किया हेल्थ अपडेट
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और अपनी सेहत को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अलका याग्निक ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने अपने सभी फैंस और शुभचिंतकों का उनके प्यार, दुआओं और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया है। अलका ने बताया कि उनकी रिकवरी काफी अच्छी तरह से चल रही है और उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान अत्यधिक थकान और लंबे दिन की वजह से उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से व्हीलचेयर का इस्तेमाल किया था। अलका ने अपने मैसेज में कहा कि कृपया मेरी चिंता न करें, मैं पहले से काफी बेहतर महसूस कर रही हूं और आप सभी का अटूट समर्थन ही मेरी ताकत है। इसके साथ ही उन्होंने इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्रालय और भारत सरकार का भी धन्यवाद किया।
पद्म पुरस्कार समारोह में शामिल होने के बाद अलका याग्निक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट भी शेयर किया है। उन्होंने पद्म भूषण जैसे बड़े सम्मान के लिए भारत सरकार के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है। अपने पोस्ट में उन्होंने स्वीकार किया कि वह पिछले कुछ समय से हेल्थ से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रही हैं, लेकिन इस कठिन दौर में उनके फैंस का प्यार और प्रार्थनाएं हर कदम पर उनके साथ रही हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.