मशहूर कॉमेडियन समय रैना का पॉपुलर शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ अपने दूसरे सीजन के साथ वापस आ चुका है। 20 जून को नेटफ्लिक्स और यूट्यूब पर रिलीज हुए इसके पहले एपिसोड ने आते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। सीजन की शुरुआत बेहद खास रही, क्योंकि इसमें शो के पहले गेस्ट के रूप में बॉलीवुड सुपरस्टार आलिया भट्ट और शरवरी वाघ अपनी अपकमिंग फिल्म ‘अल्फा’ के प्रमोशन के लिए पहुंचे।
शो के दौरान होस्ट समय रैना ने मजाकिया अंदाज में कहा कि आलिया भट्ट का शो में आना ‘लेटेंट’ के इतिहास का सबसे अच्छा पल था, लेकिन खुद आलिया के लिए शायद यह सबसे खराब अनुभव रहा. पिछले सीजन के विवादों को देखते हुए इस बार पहला एपिसोड काफी साफ-सुथरा और मजेदार था, हालांकि कुछ लोगों को यह थोड़ा फीका भी लगा।
इस एपिसोड का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां आलिया भट्ट की जमकर तारीफ की जा रही है। दरअसल, बातचीत के दौरान समय रैना ने आलिया से एक सीधा सवाल पूछा, ‘लड़कियों को लड़कों में सबसे ज्यादा क्या पसंद आता है?’आलिया इसका जवाब देने ही वाली थीं कि तभी ऑडियंस में बैठे एक फैन ने चिल्लाकर कहा ‘पैसा!’इस महिला-विरोधी सोच पर आलिया भट्ट ने तुरंत रिएक्ट किया और पूछा, ‘यह किसने कहा? माहौल को संभालते हुए समय रैना ने बीच में चुटकी ली और कहा, ‘कोई गरीब आदमी होगा।’
सोशल मीडिया पर लोग कर रहे कमेंट्स
डिजिटल क्रिएटर्स द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो पर लोग जमकर कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘आलिया अपने पति रणबीर कपूर से ज्यादा अमीर हैं, इसलिए ऐसा सोचना गलत है।’दूसरे यूजर ने आलिया की तारीफ करते हुए कहा कि अच्छा हुआ उन्होंने तुरंत टोक दिया, वरना समय तो चुप ही रहने वाले थे।
कुछ लोगों ने समय रैना के बदले हुए व्यवहार की भी तारीफ की. यूजर्स का मानना है कि पिछले सीजन में प्रणित मोरे और हिमांशु जांगड़ा वाले विवाद से समय ने सीख ली है और अब वे किसी नए विवाद में नहीं पड़ना चाहते.
शो के एक और मजेदार सेगमेंट में समय ने शरवरी से पूछा कि वे मरने से पहले कौन सी तीन चीजें करना चाहती हैं? इस पर शरवरी ने हंसते हुए जवाब दिया, ‘पहली एक बड़ी हिट फिल्म देना, दूसरी समय को मारना, और तीसरी कभी भी तुम्हारी फ्लर्टिंग का शिकार न होना।”इंडियाज गॉट लेटेंट’ का सीजन 2 एंटरटेनमेंट और ड्रामा से भरपूर रहा।