बॉलीवुड के खिलाड़ी यानी कि अक्षय कुमार का हाल ही में ‘गोलमाल 5’ से पहला लुक सामने आया है. जिसने फैंस का एक्साइटमेंट इस फिल्म के लिए बढ़ा दिया है. वैसे अक्षय कुमार एक साल में चार या पांच फिल्मों में एक साथ काम करते ही हैं. ऐसे में फैंस को उनकी हर फिल्म का इंतजार रहता है. इसी बीच अब हाल ही में एक्टर ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने वाली फिल्म ‘धुरंधर’ के बारे में बात की है.
अक्षय ने की ‘धुरंधर’ की तारीफ
हाल ही में अक्षय कुमार इंडिया टुडे के एक ईवेंट में शामिल हुए थे. इस दौरान उन्होंने सिनेमा के बदलते ट्रेंड को लेकर बात की. इसके लिए उन्होंने ‘धुरंधर’ का उदाहरण देते हुए फिल्म की जमकर तारीफ की. अक्षय ने कहा, ‘उदाहरण के लिए ‘धुरंधर’ ही ले लीजिए. ये एक एक्शन फिल्म है और इसमें काफी खून-खराबा है. ये बहुत बढ़िया फिल्म है और लोगों ने इसे खूब पसंद किया है. रणवीर सिंह जैसे हीरो ने एक एंग्री यंग मैन वाली इमेज अपनाई है, जो बीच में कहीं खो सी गई थी’.
अक्षय को क्यों नहीं मिली ‘धुरंधर’
इस दौरान अक्षय कुमार से जब पूछा गया कि वो ‘धुरंधर’ का हिस्सा क्यों नहीं बने और क्या उन्हें इसका दुख है. इस पर अक्षय ने सीधा जवाब देते हुए कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि आदित्य को लगा होगा कि मैं ल्यारी गैंग का हिस्सा बनने के लिए सही रहूंगा. उन्हें ऐसा नहीं लगा, इसलिए मुझे वो रोल नहीं मिला’.
‘रणवीर सिंह से नहीं जलता…’
इतना ही नहीं अक्षय कुमार ने इस फिल्म के लिए रणवीर सिंह की जमकर तारीफ भी की है. उन्होंने कहा, ‘मैं रणवीर से मिलता हूं, और वो मेरे काम की तारीफ करता है. कुछ ऐसे रोल हैं जो वो करना चाहता था लेकिन मुझे मिल गए, और कुछ ऐसे जो मैं करना चाहता था लेकिन उसे मिल गए. हिंदी सिनेमा में हम 15–20 एक्टर हैं और भारत में 180 फिल्में बनती हैं. हर किसी के लिए कोई न कोई रोल होता है. बस इस बात का थोड़ा अफसोस होता है कि हम भी वैसा ही कोई रोल करना चाहते हैं, लेकिन इसमें कोई जलन नहीं है’.
अक्षय के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स
बता दें कि अक्षय कुमार की हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली है. जिसके प्रमोशन में एक्टर जुटे हुए हैं. इसके अलावा बीते दिन ही ‘गोलमाल 5’ से उनका लुक सामने आया है. इस फिल्म में अजय देवगन के अपोजिट वो विलेन के रूप में नजर आएंगे. तो वहीं ‘हेरा फेरी 3’, ‘वेलकम टू द जंगल’ फिल्मों में भी अक्षय नजर आने वाले हैं.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.