Ajay Devgn to Host Crime Patrol: अनूप सोनी के बाद अब अजय देवगन ‘क्राइम पैट्रोल’ होस्ट करते नजर आएंगे। शो का प्रोमो वीडियो जारी कर दिया गया है, लेकिन क्यों मेकर्स ने सिर्फ 15 एपिसोड शूट किए हैं?
शो के आ चुके हैं 2000 से ज्यादा एपिसोड
क्राइम पैट्रोल साल 2003 में शुरू हुआ था और तब से लेकर अभी तक इसके कुल 2 हजार से ज्यादा एपिसोड प्रसारित किए जा चुके हैं। अनूप सोनी इस शो के साथ बतौर होस्ट साल 2010 में जुड़े थे और फिर साल 2018 तक उन्होंने बतौर होस्ट इस शो की कमान संभाली। इसके बाद उन्होंने अपने एक्टिंग करियर पर फोकस करने की वजह से यह शो छोड़ दिया।
पूरी हो गई 15 एपिसोड की शूटिंग
अनूप सोनी ने यूं तो साल 2018 में ‘क्राइम पैट्रोल’ छोड़ दिया था, लेकिन फिर 2019 में कुछ वक्त के लिए वापसी की थी। मेकर्स इस शो को नए लेवल पर लेकर जाना चाह रहे थे और इसीलिए उन्हें एक ऐसा चेहरा चाहिए था, जो क्राइम केसों की बात करें तो लोगों के दिलों में डर और भरोसा दोनों कायम कर पाए। खबर है कि अजय देवगन ने 15 एपिसोड की शूटिंग पूरी कर ली है। यह पहली बार होगा कि अजय देवगन किसी रियलिटी शो में डेब्यू करेंगे। अनूप सोनी का डायलॉग “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें” इस शो की पहचान बन चुका है, देखना होगा कि क्या अजय देवगन इसे जारी रखेंगे।
क्यों सिर्फ 15 एपिसोड करवाए शूट?
सवाल यह भी है कि आखिर अजय देवगन ने सिर्फ 15 एपिसोड क्यों शूट किए हैं? तो इस सवाल का जवाब यह है कि आगे की शूटिंग इस बात पर निर्भर करेगी कि क्या ऑडियंस अजय देवगन को इस सुपरहिट शो के होस्ट के तौर पर स्वीकार करेगी या नहीं। बेशक अजय देवगन एक लीजेंडरी एक्टर हैं, लेकिन टीवी की दुनिया में गणित बदल जाता है। शो के होस्ट के तौर पर उनका काम देखने के लिए फैंस बेताब हैं। सिंघम, सिंघम अगेन, गंगाजल और दृश्यम जैसी फिल्मों की वजह से यूं तो अजय देवगन इस थीम में जंचते हैं, लेकिन पब्लिक का परसेप्शन तो वक्त ही बताएगा।
कब से होगी नए सीजन की शुरुआत?
बात शो के प्रीमियर की करें तो माना जा रहा है कि इसे सितंबर में शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि अभी ऑफिशियल अनाउंसमेंट का इंतजार करना चाहिए। बता दें कि अनूप सोनी के अलावा राजेश तैलंग ने भी कुछ वक्त के लिए यह शो होस्ट किया था, लेकिन जिस अंदाज में अनूप सोनी ने इसकी होस्टिंग की, वह इस शो की पहचान ही बन गए।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.