Ai+ Nova 2 Pro 5G को 15 दिनों तक इस्तेमाल करने के बाद हमने इसके कैमरा, डिस्प्ले, परफॉर्मेंस, बैटरी और हीटिंग को टेस्ट किया। अगर आप यह फोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो पहले पढ़िए यह डिटेल्ड रिव्यू।
डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी
फोन पहली नजर में ही प्रीमियम फील कराता है। बैक पैनल की फिनिश साफ-सुथरी लगती है और कैमरा मॉड्यूल भी जरूरत से ज्यादा बड़ा नहीं लगता। फोन हाथ में पकड़ने पर अच्छी ग्रिप देता है। Ai+ Nova 2 Pro 5G के बॉक्स में आपको स्मार्टफोन के अलावा USB Type-C चार्जिंग केबल, पावर एडॉप्टर, सिम इजेक्टर टूल मिलता है। इसके साथ ही कंपनी बॉक्स में एक प्रोटेक्टिव बैक कवर भी देती है, जिससे फोन को शुरुआत से ही एक्स्ट्रा सुरक्षा मिल जाती है। यानी बॉक्स खोलते ही आपको रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए लगभग सभी जरूरी एक्सेसरीज मिल जाती हैं और अलग से कुछ खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती।
Ai+ Nova 2 Pro 5G में एक डेडिकेटेड AI Button भी दिया गया है। यह सिर्फ दिखावे के लिए नहीं है, बल्कि रोजमर्रा के इस्तेमाल में काम आने वाला शॉर्टकट बटन है। डिफॉल्ट तौर पर इस बटन को डबल-प्रेस करने पर कैमरा तुरंत ओपन हो जाता है। सिंगल प्रेस से फोन साइलेंट हो जाता है। इस AI Button को किसी दूसरी ऐप या सिस्टम फीचर के लिए भी कस्टमाइज कर सकते हैं। फ्रेम की क्वालिटी भी अच्छी लगी और बटन की प्लेसमेंट ऐसी है कि वॉल्यूम और पावर बटन तक आसानी से पहुंचा जा सकता है।
Display फोन की बड़ी ताकत
फोन की स्क्रीन पर स्क्रॉलिंग काफी स्मूद महसूस होती है। चाहे Instagram Reels देख रहे हों, YouTube चला रहे हों या Chrome पर लंबे आर्टिकल पढ़ रहे हों, हर जगह डिस्प्ले का रिस्पॉन्स अच्छा लगा। रात के समय कम ब्राइटनेस पर भी स्क्रीन आरामदायक लगी। वीडियो स्ट्रीमिंग के दौरान भी कलर अच्छे लगे और कंटेंट देखने का एक्सपीरियंस इस प्राइस सेगमेंट के हिसाब से अच्छा रहा।
परफॉरमेंस भरोसेमंद
स्मार्टफोन कितना तेज है, इसका पता सिर्फ बेंचमार्क स्कोर से नहीं चलता। असली टेस्ट तब होता है जब एक साथ कई ऐप्स खुले हों, लगातार नोटिफिकेशन आ रहे हों, कैमरा इस्तेमाल हो रहा हो और बीच-बीच में सोशल मीडिया भी चल रहा हो। हमने फोन में WhatsApp, Instagram, Facebook, X, YouTube, Chrome, Gmail, Uber, mygate और दूसरे कई ऐप्स एक साथ इस्तेमाल किए। एक ऐप से दूसरे ऐप पर स्विच करने के दौरान फोन थोड़ा स्लो रहा लेकिन बजट रेंज के फोन के हिसाब से फोन का एक्सपीरियंस ठीक रहा। ऐप्स तेजी से ओपन हुए और मल्टीटास्किंग भी काफी स्मूद लगी।
कुछ समय तक कैमरा, वीडियो रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया एक साथ इस्तेमाल करने के बाद फोन हल्का गर्म जरूर हुआ, लेकिन इसकी वजह से परफॉर्मेंस में कोई गिरावट महसूस नहीं हुई। ऐप्स उसी स्पीड से चलते रहे और फोन ने नॉर्मली काम किया। अगर आप प्रोफेशनल गेमर नहीं हैं और सिर्फ फ्री टाइम में BGMI या Candy Crush जैसे गेम खेलते हैं तो आप फोन में ये गेम्स आराम से खेल सकेंगे फोन हैंग नहीं होगा।
Ai+ Nova 2 Pro 5G का कैमरा दमदार
Ai+ Nova 2 Pro 5G से हमने दिन की रोशनी, इनडोर, शाम के समय और कम रोशनी में फोटो क्लिक की और फ्रंट कैमरे का इस्तेमाल वीडियो कॉलिंग व सेल्फी के लिए किया गया। अगर आप दिन के समय फोटो क्लिक करना पसंद करते हैं, तो Ai+ Nova 2 Pro 5G आपको अच्छा एक्सपीरियंस देगा।
दिन की रोशनी में कैमरा अच्छी डिटेल कैप्चर करता है। रंग ज्यादा ओवर-प्रोसेस्ड नहीं लगते और तस्वीरें नैचुरल दिखती हैं। HDR जरूरत पड़ने पर अच्छा काम करता है और हाईलाइट्स व शैडो के बीच बैलेंस बनाए रखने की कोशिश करता है। पेड़-पौधे, बिल्डिंग, सड़क या लोगों की तस्वीरें क्लिक करते समय कैमरा लगातार अच्छा रिजल्ट देता रहा। फोटो सीधे सोशल मीडिया पर शेयर की जा सकती हैं और अलग से ज्यादा एडिटिंग की जरूरत महसूस नहीं हुई।
पोर्ट्रेट मोड भी उम्मीद के मुताबिक अच्छा परफॉर्म करता है। सब्जेक्ट और बैकग्राउंड के बीच अच्छा सेपरेशन देखने को मिला। एज डिटेक्शन ज्यादातर मौकों पर सही रही और बैकग्राउंड ब्लर भी नैचुरल लगा। सेल्फी कैमरा से अच्छी रोशनी में चेहरे की डिटेल साफ आती है और स्किन टोन भी काफी हद तक नैचुरल रहती है। वीडियो कॉलिंग के दौरान भी कैमरे ने अच्छा एक्सपीरियंस दिया। कम रोशनी किसी भी स्मार्टफोन कैमरे का सबसे मुश्किल टेस्ट होती है। Ai+ Nova 2 Pro 5G का नाइट मोड इस प्राइस रेंज के हिसाब से ठीक काम करता है। तस्वीरों में ज्यादा ब्राइटनेस और बेहतर डिटेल नहीं मिली थोड़ा नॉइज नजर आ सकता है।
Software Experience: Clean UI का फायदा रोज महसूस होता है
सिर्फ हार्डवेयर अच्छा होना काफी नहीं होता। अगर सॉफ्टवेयर सही तरीके से ऑप्टिमाइज नहीं किया गया हो, तो अच्छा प्रोसेसर भी स्लो महसूस होने लगता है। Ai+ Nova 2 Pro 5G के साथ ऐसा नहीं हुआ। करीब दो हफ्तों तक इस्तेमाल करने के दौरान इंटरफेस काफी स्मूद लगा। ऐप्स जल्दी ओपन होते हैं और एनिमेशन भी नेचुरल महसूस होते हैं। ऐप्स के बीच स्विच करते समय फोन हैंग नहीं होता। एक और अच्छी बात यह रही कि पूरे इस्तेमाल के दौरान किसी बड़े बग, ऐप क्रैश या अचानक रीस्टार्ट जैसी समस्या सामने नहीं आई।
ऑडियो, वीडियो और कनेक्टिविटी का अच्छा कॉम्बो
अगर आप फोन पर ज्यादा वीडियो देखते हैं या म्यूजिक सुनते हैं, तो Ai+ Nova 2 Pro 5G की साउंड की क्वालिटी साफ और अच्छी है। वीडियो देखते समय डायलॉग साफ सुनाई देते हैं और कॉलिंग के दौरान भी वॉइस क्वालिटी अच्छी रही। करीब 15 दिनों के इस्तेमाल में कॉल ड्रॉप, नेटवर्क पकड़ने या Wi-Fi कनेक्टिविटी जैसी कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई। Bluetooth, GPS और दूसरे जरूरी कनेक्टिविटी फीचर्स भी नॉर्मली काम करते हैं।
बैटरी और चार्जिंग
चार्जिंग स्पीड की बात करें तो Ai+ Nova 2 Pro 5G के साथ मिलने वाला 33W फास्ट चार्जर बैटरी को 0 से 100% तक चार्ज करने में करीब 1 घंटा 40 मिनट का समय लेता है। हालांकि यह बाजार के कुछ 67W या 80W चार्जिंग वाले स्मार्टफोन्स जितना तेज नहीं है। फोन में मिलने वाली 6000mAh की बैटरी करीब 1-1.5 दिन तक चल जाती है। फोन का स्क्रीन टाइम हर दिन अलग-अलग रहा। कभी लगातार सोशल मीडिया स्क्रॉलिंग हुई, कभी YouTube और OTT प्लेटफॉर्म पर वीडियो देखे गए, तो कई बार कैमरे का भी लंबे समय तक इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा कॉलिंग, WhatsApp, Gmail, Chrome और दूसरी जरूरी ऐप्स भी पूरे दिन चलती रहीं। सबसे अच्छी बात यह लगी कि बैकग्राउंड में कई ऐप्स खुले होने के बावजूद बैटरी बहुत तेजी से ड्रेन होती हुई महसूस नहीं हुई।
फाइनल वर्डिक्ट
Ai+ Nova 2 Pro 5G फोन रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए एक परफेक्ट ऑप्शन। हमे डिस्प्ले काफी स्मूद लगी, कैमरे ने अच्छी फोटो क्लिक की। सोशल मीडिया, वीडियो स्ट्रीमिंग, कॉलिंग और मल्टीटास्किंग जैसे कामों में फोन ने कहीं भी निराश नहीं किया। हां, लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर फोन थोड़ा गर्म जरूर होता है। लेकिन हीटिंग की वजह से परफॉर्मेंस या बैटरी पर कोई बड़ा असर देखने को नहीं मिला। अगर आपका बजट इस फोन की कुल मिलाकर, यह फोन अपनी कीमत के हिसाब से अच्छा वैल्यू ऑफर करता है और ज्यादातर यूजर्स की रोजमर्रा की जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकता है। इस फोन के बेस वैरिएंट को 17,999 रुपए में फ्लिपकार्ट से खरीद सकते हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.