‘कुमकुम भाग्य’ फेम अभिनेत्री संचिता उगले ने 14 जून को मुंबई स्थित अपने आवास पर आत्महत्या कर ली। इस खबर ने न केवल उनके परिवार को झकझोर दिया, बल्कि पूरी टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। उनकी असामयिक मृत्यु के बाद सोशल मीडिया पर सेलेब्स और फैंस का तांता लग गया है। हर कोई अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहा है, लेकिन इस बीच अभिनेता शीजान खान ने एक ऐसा सवाल उठाया है, जो हम सभी को आईना दिखाने के लिए काफी है।
शीजान ने वीडियो शेयर कर किया सवाल
शीजान खान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर उन लोगों पर निशाना साधा है, जो किसी के गुजर जाने के बाद तो खूब सहानुभूति दिखाते हैं, लेकिन जीते जी उन्हें अनदेखा करते हैं। शीजान ने सीधा सवाल किया कि ‘जब कोई युवा दुनिया छोड़कर जाता है, तो सोशल मीडिया पर ‘काश मैंने बात की होती’, ‘मैं उसके साथ होता तो शायद ऐसा न होता’ जैसी बातें क्यों याद आती हैं?’
उनका कहना है कि बाद में दुख जताना और अफसोस करना बहुत आसान है। असली चुनौती तो तब होती है, जब कोई व्यक्ति आपसे दूर हो रहा हो या परेशान हो, और आप उसके पास जाकर उसका हाल पूछें। शीजान ने तल्ख लहजे में कहा,’आखिरी बार आपने उस दोस्त को कॉल कब किया था जो महीनों से आपसे कटा-कटा रह रहा था? बस यह पूछने के लिए कि ‘क्या तुम ठीक हो?’
शीजान ने लोगों को यह एहसास दिलाया कि रिश्तों को समय रहते संभालना जरूरी है। उनके अनुसार, किसी के चले जाने के बाद RIP की पोस्ट डालना बहुत सरल है, लेकिन असलियत तब सामने आती है जब वह इंसान आपके साथ होता है।उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगली बार जब आप सोशल मीडिया पर ‘काश बात कर ली होती’ जैसी स्टोरी डालने का सोचें, तो एक पल के लिए रुककर खुद से पूछें कि क्या आपने मौका रहते सच में कोशिश की थी?
गौरतलब है कि शीजान खान के लिए यह विषय बेहद व्यक्तिगत भी है। साल 2022 में उनकी को-स्टार और पूर्व प्रेमिका तुनीषा शर्मा की आत्महत्या के बाद शीजान को भी इसी तरह के कठिन दौर का सामना करना पड़ा था। उन पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा था, जिसके चलते उन्हें करीब 70 दिन जेल में बिताने पड़े थे। मार्च 2023 में जमानत पर बाहर आने के बाद से शीजान लगातार मानसिक स्वास्थ्य और रिश्तों की अहमियत पर खुलकर बात करते रहे हैं।