कॉमेडी की दुनिया के बेताज बादशाह हर किसी को अपना दीवाना बनाने वाले सुनील ग्रोवर वह चाहे ‘गुत्थी’ का किरदार हो या फिर ‘डॉ. मशहूर गुलाटी’, सुनील जिस भी भूमिका में उतरते हैं, उसे जीवंत कर देते हैं। लेकिन अपनी अदाकारी के साथ-साथ, सुनील जिस एक और चीज के लिए सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं, वह है उनकी जमीन से जुड़ी सादगी। हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने फिर से साबित कर दिया है कि बड़े स्टार होने के बावजूद वे आज भी कितने सरल और डाउन-टू-अर्थ हैं।
सुनील ग्रोवर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वे किसी आम इंसान की तरह घाट के किनारे फुटपाथ पर आराम से सोते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि खुले आसमान के नीचे, आम श्रद्धालुओं के बीच वे जमीन पर लेटे हैं और पास ही उनकी चप्पलें रखी हैं। इस सादगी भरे अंदाज को देखकर फैंस मंत्रमुग्ध हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में ‘जय महाकाल’ का भक्तिमय संगीत बज रहा है, जो माहौल को और भी शांत और आध्यात्मिक बना रहा है।
सुनील ने इस वीडियो को ‘तारे जमीन पर’ जैसा खूबसूरत कैप्शन दिया है। उनके चेहरे पर जो सुकून साफ झलक रहा है, वह बताता है कि स्टारडम की चकाचौंध से दूर, सादगी में ही असली खुशी छिपी है। हालांकि, अभिनेता ने इस वीडियो में अपनी लोकेशन का खुलासा नहीं किया है कि वे किस घाट पर हैं।
फैंस ने कहा- ‘एक ही दिल है, कितनी बार जीतोगे?’
यह पहला मौका नहीं है जब सुनील ग्रोवर ने अपनी सादगी से फैंस का दिल जीता है। इससे पहले भी उन्हें सड़क किनारे हैंडपंप पर कपड़े धोते देखा गया था। नेटिज़न्स उनके इस अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक फैन ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘एक ही दिल है सुनील भाई, कितनी बार जीतोगे?” वहीं एक अन्य यूजर ने उन्हें ‘जमीन से जुड़ा कलाकार’ बताया है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.