जिम्बाब्वे टी20 सीरीज में बुरी तरह फ्लॉप होने के बाद अभिषेक शर्मा का दिल टूट गया है। उनका सोशल मीडिया पोस्ट इस बात का गवाह है। पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनका हौसला बढ़ाया है।
‘…तो दुख होता है’
अभिषेक शर्मा ने अपने लेटेस्ट इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा, ‘जब आप वो नहीं दे पाते जो बहुत से लोग मानते हैं कि आप कर सकते हैं, तो दुख होता है। लेकिन यह गेम हमेशा उन लोगों को इनाम देता है जो अच्छा करते रहते हैं। खुशी है कि टीम जीत गई। और मजबूत होकर वापस आऊंगा।’
सूर्यकुमार यादव ने जीता दिल
सूर्यकुमार यादव मुश्किल समय में अपने खिलाड़ियों के साथ खड़ा होने के लिए जाने जाते हैं। वह भले ही इस समय टीम से बाहर है, मगर वह बाहर से भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रहे हैं।
अभिषेक शर्मा के इस पोस्ट पर सूर्या ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘तुमने लगातार 2 साल तक मुस्कुराने की बहुत सारी वजहें दी हैं। इंडिया को तब शान दी जब इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। समय की बात है। जैसे हो वैसे रहो।’
कैसा रहा IND vs ZIM तीसरा टी20?
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया ने वैभव सूर्यवंशी के तूफानी अर्धशतक के दम पर निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 192 रन बोर्ड पर लगाए। वैभव ने 49 गेंदों पर 8 चौकों और 4 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 81 रनों की पारी खेली। वह अपने पहले इंटरनेशनल शतक से मात्र 19 रन से चूक गए। जब वैभव चलते हैं तो बाकी बल्लेबाजों की चमक फीकी पड़ जाती है। टीम इंडिया का कोई और बल्लेबाज इस मैच में 30 या उससे अधिक रन नहीं बना पाया। ईशान किशन 29 रनों के साथ वैभव के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। वहीं श्रेयस अय्यर ने 27 तो रिंकू सिंह ने 25 रन बनाए।
193 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 157 रन ही बना पाई। 5वें नंबर पर आए रयान बर्ल ने 54 रनों की पारी खेली और वह अंत तक एक छोर पर डटे रहे। उनके अलावा वेस्ली मधेवेरे ने 28 रन बनाए। भारत के लिए मयंक यादव 3 तो यश ठाकुर 2 विकेट चटकाने में कामयाब रहे।
वैभव सूर्यवंशी को उनकी कमाल की परफॉर्मंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से नवाजा गया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.