Aamir Khan Productions: फिल्म ‘पीपली लाइव’ का मशहूर गाना ‘महंगाई डायन’ एक बार फिर चर्चा में आ गया है। आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस ने सोशल मीडिया पर इस गाने से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया था, लेकिन बढ़ते विवाद और ट्रोलिंग के बाद पोस्ट को डिलीट करना पड़ा है।
16 साल पुराने गाने ने फिर बटोरी सुर्खियां
आमिर खान प्रोडक्शन ने अपने आधिकारिक ‘X’ अकाउंट पर फिल्म ‘पीपली लाइव’ के चर्चित गाने ‘महंगाई डायन’ का एक वीडियो क्लिप शेयर किया था। इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया था, “उम्मीद है कि महंगाई डायन आखिरकार हमारा पीछा छोड़ देगी।” वीडियो में फिल्म की वही लाइनें दिखाई गई थीं, जिनमें बढ़ती महंगाई और पेट्रोल की कीमतों का जिक्र था। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स को 2010 में रिलीज हुई फिल्म ‘पीपली लाइव’ की याद आ गई, जिसने महंगाई, ग्रामीण संकट और राजनीति पर तीखा व्यंग्य किया था।
पोस्ट वायरल होते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस शुरू हो गई। कई यूजर्स ने इसे मौजूदा राजनीतिक हालात से जोड़ दिया था। कुछ लोगों ने महंगाई के मुद्दे पर पोस्ट का समर्थन किया, जबकि कई यूजर्स ने इसे राजनीतिक एजेंडा बताकर प्रोडक्शन हाउस और Aamir Khan को ट्रोल करना शुरू कर दिया। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि देश के असली मुद्दों पर बोलने वालों को अब ट्रोलिंग और जांच एजेंसियों का सामना करना पड़ सकता है। देखते ही देखते यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।
लगातार बढ़ती ट्रोलिंग और विवाद को देखते हुए Aamir Khan Productions ने आखिरकार पोस्ट डिलीट कर दी है। हालांकि तब तक पोस्ट के स्क्रीनशॉट और वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके थे। बता दें कि ‘पीपली लाइव’ साल 2010 में रिलीज हुई थी। फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों ने काफी पसंद किया था। खासतौर पर इसका गाना ‘महंगाई डायन’ आज भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.