8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट कब तक आएगी?
8वें वेतन आयोग की अध्यक्षता न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं। आयोग अपनी अंतिम सिफारिशें केंद्र सरकार को संभवतः मई-जून 2027 तक सौंप देगा। इससे पहले आयोग कर्मचारी संघों, पेंशनर्स और अन्य स्टेक होल्डर्स के साथ कई दौर की बैठकें कर चुका है।
हाल ही में भुवनेश्वर (6-7 जुलाई) और कोलकाता (9-10 जुलाई) में क्षेत्रीय बैठकें भी आयोजित की गईं, जिनमें विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी।
फिटमेंट फैक्टर क्या है और पिछले आयोगों में क्या रहा?
फिटमेंट फैक्टर वह गुणक है, जिसके आधार पर कर्मचारियों के बेसिक सैलरी में बढ़ोतरी तय होती है। 5वें वेतन आयोग में कोई समान रूप से लागू फिटमेंट फैक्टर निर्धारित नहीं था, जबकि छठे आयोग ने 1.86 और 7वें आयोग ने 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया था।
कर्मचारी संघ कितनी बढ़ोतरी चाहते हैं?
इस बार कर्मचारी संघों और संगठनों ने अपनी मांगें स्पष्ट रखी हैं। अधिकांश संघ 3 से 4 के बीच फिटमेंट फैक्टर की मांग कर रहे हैं। उदाहरण के लिए, बीपीएमएस 4.0, एनसीजेसीएम स्टाफ साइड 3.833, एआईडीईएफ 3.833, महाराष्ट्र ओल्ड पेंशन ऑर्गनाइजेशन 3.8, एफएनपीओ 3.0 से 3.25 और एआईटीयूसी 3.0 फिटमेंट फैक्टर की मांग कर रहे हैं।
क्या केवल फिटमेंट फैक्टर ही तय करेगा वेतन?
आम धारणा के विपरीत, वेतन वृद्धि का फैसला सिर्फ फिटमेंट फैक्टर पर निर्भर नहीं करेगा। हालांकि यह आम चर्चाओं में सबसे अहम मुद्दा लगता है, लेकिन पिछले सभी वेतन आयोगों ने कई आर्थिक संकेतकों को एक साथ देखते हुए सिफारिशें की हैं।
बैंकबाजार के सीईओ अधिल शेट्टी के अनुसार, 8वां वेतन आयोग मुद्रास्फीति, रहन-सहन की लागत में बदलाव, मौजूदा आर्थिक स्थितियों और सरकारी सेवा के विभिन्न स्तरों के बीच समानता बनाए रखने की आवश्यकता पर गहन विश्लेषण करेगा। फिटमेंट फैक्टर इस पूरी समीक्षा का सिर्फ एक हिस्सा है।
सैलरी तय करने को प्रभावित करने वाले प्रमुख फैक्टर्स
आयोग की सिफारिशें देश की मौजूदा आर्थिक स्थिति, सरकारी वित्त, राजकोषीय घाटा और अन्य समष्टि आर्थिक वास्तविकताओं पर आधारित होंगी। सरकार की राजकोषीय प्राथमिकताएं और समग्र आर्थिक माहौल कर्मचारियों की मांगों के बराबर ही महत्वपूर्ण होंगे। इसका मतलब यह है कि अंतिम वेतन संशोधन केवल फिटमेंट फैक्टर के आधार पर निकाले गए अनुमानों से काफी अलग हो सकता है।
फिलहाल कोई भी आंकड़ा महज अनुमान ही कहा जा सकता है। आयोग ने अपनी बैठकों और विचार-विमर्श के जरिए सभी पक्षों की राय ले ली है, लेकिन अंतिम फैसला सरकार के ऊपर है। जब तक आयोग अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपता नहीं है और उसे मंजूरी नहीं मिल जाती, तब तक वेतन वृद्धि, पेंशन सुधारों या अन्य लाभों के बारे में केवल कयास ही लगाया जा सकता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.