क्या आप जानती हैं कि हर बात अपने पति को बताना जरूरी नहीं है। जी हां, रिश्ते में प्यार और सम्मान बना रहे इसके लिए कुछ बाउंड्रीज तय करना भी जरूरी है। यहां ऐसी ही कुछ बातें हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं।
पुराने अफेयर या रिश्तों की बात
अगर शादी से पहले आपकी जिंदगी में कोई रिश्ता या अफेयर रहा है और वह अब पूरी तरह खत्म हो चुका है, तो उसकी हर छोटी-बड़ी बात पति को बताना जरूरी नहीं है। खासकर उस रिश्ते की तुलना अपने पति से करना या बार-बार उसका जिक्र करना रिश्ते में परेशानी पैदा कर सकता है। पुरानी बातों को पीछे छोड़कर अपने रिश्ते पर ध्यान देना ज्यादा बेहतर है।
मायके के अंदरूनी झगड़ों का जिक्र न करें
हर परिवार में कभी ना कभी आपसी मतभेद या छोटी-बड़ी अनबन हो सकती है। मायके में भी भाई-बहन, माता-पिता या दूसरे रिश्तेदारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो सकता है। ऐसी हर बात पति को डिटेल में बताना जरूरी नहीं है। खासकर उस समय जब विवाद चल रहा हो, गुस्से में कही गई बातें आगे चलकर रिश्तों में कड़वाहट पैदा कर सकती हैं। इसलिए पहले स्थिति को समझें और सोचें कि जो बात आप बता रही हैं, उससे कोई सॉल्यूशन निकलेगा या सिर्फ स्ट्रेस बढ़ेगा। जरूरत होने पर ही पति से बात करें और कोशिश करें कि परिवार की निजी बातों को अनावश्यक रूप से चर्चा का विषय न बनाएं।
मायके की संपत्ति और जायदाद की जानकारी
मायके की संपत्ति, जमीन-जायदाद या परिवार की आर्थिक स्थिति से जुड़ी बातें भी निजी हो सकती हैं। इसलिए ऐसी जानकारी हर बार और हर सिचुएशन में पति के साथ शेयर करना जरूरी नहीं है। खासकर तब, जब उस जानकारी का आपके वैवाहिक जीवन से कोई सीधा संबंध ना हो। रिश्ते में भरोसा होना अच्छी बात है, लेकिन अपनी निजी और पारिवारिक जानकारी को लेकर समझदारी रखना भी जरूरी है।
भाई-बहनों और रिश्तेदारों से हुए झगड़ों के बारे में
कभी भाई-बहन से बहस हो गई या किसी रिश्तेदार से मनमुटाव हो गया, तो उसका पूरा किस्सा पति को बताना जरूरी नहीं है। गुस्से में हम कई बार ऐसी बातें बता देते हैं, जो बाद में खुद हमें ही ठीक नहीं लगतीं। लेकिन सामने वाला उस बात को लंबे समय तक याद रख सकता है। इसलिए अगर कोई मामूली पारिवारिक विवाद है, जो अपने आप सुलझ सकता है, तो उसे वहीं तक सीमित रखना बेहतर है। हर छोटी बात को पति तक पहुंचाने से समस्या सुलझने के बजाय और बड़ी हो सकती है।
मायके वालों ने गुस्से में पति के बारे में क्या कहा, यह ना बताएं
परिवार में किसी विवाद के दौरान आपके मायके वालों ने आपके पति के बारे में गुस्से में कुछ गलत कह दिया हो, तो उस बात को तुरंत पति के सामने रखने से बचें। गुस्से में कही गई बात और सोच-समझकर कही गई बात में फर्क होता है। अगर वह बात वास्तव में किसी जरूरी समस्या से जुड़ी है, तो उसे शांत समय में सही तरीके से समझाना अलग बात है। लेकिन केवल लड़ाई के दौरान कही गई कठोर बातों को जस का तस पति को बताने से दो परिवारों के बीच दूरी बढ़ सकती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.