Last Updated:
5 cricketers who changed theire names: क्रिकेट की दुनिया में कई ऐसे क्रकेटर रहे हैं जिनकी पहचान मैदान पर अचानक बदल गई? इस लिस्ट में पाकिस्तान के मोहम्मद यूसुफ और श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान जैसे नाम शामिल हैं, जिन्होंने न केवल अपना नाम बदला बल्कि अपने धर्म तक को बदल लिया. वहीं, इंग्लैंड के कप्तान जोश बटलर और अफगानिस्तान के असगर अफगान ने भी अपनी पहचान को नया मोड़ दिया. आखिर क्या थी इन बड़े फैसलों के पीछे की असली वजह? जानिए इन 5 दिग्गज क्रिकेटरों के नाम बदलने की दिलचस्प और हैरान कर देने वाली दास्तां.
इन क्रिकेट खिलाड़ियों ने अपनाया दूसरा धर्म.
पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज यूसुफ योहाना का इस लिस्ट में सबसे चर्चित नाम है. योहाना का जन्म एक ईसाई परिवार में हुआ था और वह पाकिस्तान के लिए खेलने वाले चौथे ईसाई क्रिकेटर थे. लेकिन साल 2005 में उन्होंने इस्लाम धर्म अपना लिया और अपना नाम बदलकर मोहम्मद यूसुफ रख लिया. धर्म परिवर्तन के बाद उनके खेल में गजब का निखार आया और 2006 में उन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक टेस्ट रन (1788 रन) बनाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया, जिसका टूटना लगभग नामुमकिन है. एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा शतक (9) और सबसे ज्यादा 150 प्लस का स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी यूसुफ के नाम है. लाहौर में पैदा हुए यूसुफ ने 90 टेस्ट में 24 शतकों की मदद से 7530 रन, 288 वनडे में 15 शतकों की मदद से 9720 रन और तीन टी20 में 50 रन बनाए. अपने क्रिकेट करियर के दौरान ही सईद अनवर की तकरीरों से प्रभावित होकर यूसुफ ने इस्लाम अपना लिया और अपना नाम बदलकर मोहम्मद यूसुफ (Mohammad Yousuf) कर लिया था.
इन क्रिकेट खिलाड़ियों ने अपनाया दूसरा धर्म.
तिलकरत्ने दिलशान का जन्म एक मुस्लिम परिवार में हुआ था
श्रीलंका के विस्फोटक ओपनर और ‘दिलस्कूप’ शॉट के जनक तिलकरत्ने दिलशान का जन्म एक मुस्लिम परिवार में हुआ था और उनका शुरुआती नाम तवान मोहम्मद दिलशान था. उनके पिता मुस्लिम थे और मां बौद्ध. माता-पिता के अलग होने के बाद दिलशान ने अपनी मां के धर्म (बौद्ध धर्म) को अपना लिया और अपना नाम बदलकर ‘तिलकरत्ने मुदियानसेलागे दिलशान’ कर लिया. दिलशान ने इसके बाद श्रीलंकाई क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया. आक्रामक बैटिंग करने वाले दिलशान ऑफ ब्रेक बॉलिंग से भी उपयोगी साबित हुए. दिलशान ने 17 साल के इंटरनेशनल करियर में 87 टेस्ट, 330 वनडे और 80 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले. टेस्ट में 5492 रन और 39 विकेट, वनडे में 10,290 रन और 106 विकेट जबकि टी20 इंटरनेशनल में 1889 रन और 9 विकेट चटकाए.
बटलर ने 2 साल पहले बदला नाम
इंग्लैंड के विश्व कप विजेता कप्तान और आक्रामक बल्लेबाज को दुनिया ‘जोस बटलर’ (Jos Buttler) के नाम से जानती थी. लेकिन 2024 में उन्होंने आधिकारिक तौर पर अपना नाम बदलकर जोश बटलर कर लिया. दरअसल, उनके पूरे जीवन में लोग उन्हें ‘जोश’ ही बुलाते थे, यहां तक कि उनकी मां और आधिकारिक दस्तावेजों में भी अक्सर यही नाम इस्तेमाल होता था. इस भ्रम को खत्म करने के लिए उन्होंने सोशल मीडिया पर एक मजाकिया वीडियो साझा करते हुए अपने नाम में ‘h’ जोड़ने का एलान किया.
सूरज रणदीव भी मुस्लिम फैमिली में जन्मे थे
श्रीलंका के ऑफ-स्पिनर सूरज रणदीव भारतीय विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग को ‘नो-बॉल’ फेंकने के विवाद के कारण चर्चा में आए थे, उन्होंने भी अपना नाम बदला था. उनका जन्म एक मुस्लिम परिवार में हुआ था और उनका नाम मोहम्मद मार्शुक मोहम्मद सूरज था. करियर के दौरान उन्होंने अपना नाम बदलकर सूरज रणदीव कर लिया. रणदीव ने 2011 विश्व कप के फाइनल में भी श्रीलंका का प्रतिनिधित्व किया था, हालांकि बाद में वे क्रिकेट छोड़कर ऑस्ट्रेलिया में बस गए. साल 2010 में वनडे ट्राई सीरीज के दौरान भारत और सहवाग को जीत के लिए 1 रन की दरकार थी.तब रणदीव ने नोबॉल फेंकी जिससे भारत मैच जीत गया था और सहवाग शतक से महरूम रह गए. रणदीव ने 12 टेस्ट में 43, तीन वनडे में 36 और सात टी20 इंटरनेशनल मैच में 7 विकेट लिए.
असगर स्टेनिकजई से असगर अफगान
अफगानिस्तान क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में से एक असगर स्टेनिकजई ने 2018 में अपना सरनेम बदलने का फैसला किया. उन्होंने अपनी राष्ट्रीय पहचान को सम्मान देने के लिए अपना नाम असगर अफगान कर लिया. उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि उनकी पहचान उनके देश (अफगानिस्तान) के नाम से जुड़ी रहे. उनके नेतृत्व में ही अफगानिस्तान ने अपना पहला टेस्ट मैच खेला और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई. असगर अफगान ने साल 2009 से 2021 के बीच 6 टेस्ट, 114 वनडे और 75 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.