एवोकाडो इन दिनों हेल्थ कॉन्शियस लोगों की पसंद बन गया है, लेकिन इसकी कीमत हर किसी के बजट में नहीं होती। ऐसे में कुछ आसानी से मिलने वाले देसी फल और सब्जियां बेहतर विकल्प हो सकते हैं।
एवोकाडो पिछले कुछ सालों में भारत में काफी लोकप्रिय हुआ है। अब यह सिर्फ बड़े रेस्टोरेंट में ही नहीं, बल्कि घरों की डाइनिंग टेबल पर भी नजर आने लगा है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारत में बढ़ती एवोकाडो की लोकप्रियता और किसानों को इससे मिल रहे फायदे की बात की।
एवोकाडो को लोग खासतौर पर इसके गुड फैट्स, फाइबर और दूसरे पोषक तत्वों के लिए पसंद करते हैं। लेकिन इसकी कीमत लगभग 80 से 100 रुपये प्रति पीस तक हो सकती है, जो रोज खाने के लिए थोड़ी महंगी पड़ती है। अगर आप एवोकाडो अफोर्ड नहीं कर सकते, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। बाजार में कुछ ऐसे फल-सब्जियां मौजूद हैं, जिन्हें डाइट में शामिल कर सकते हैं।
1. चीकू
एवोकाडो की तरह चीकू भी खाने में सॉफ्ट और क्रीमी होता है। इसमें फाइबर, विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। फाइबर पाचन को बेहतर रखने में मदद करता है, जबकि चीकू की नेचुरल मिठास आपको तुरंत एनर्जी दे सकती है। हालांकि, इसमें नेचुरल शुगर भी होती है, इसलिए इसे सीमित मात्रा में खाना ही बेहतर है।
2. केला
केला भारत में आसानी से मिलने वाला और बजट फ्रेंडली फल है। इसमें पोटैशियम अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो शरीर में मांसपेशियों और ब्लड प्रेशर को नॉर्मल बनाए रखने में मदद करता है। इसके अलावा इसमें विटामिन बी-6 और फाइबर भी होता है।
3. सीताफल
सीताफल का स्वाद मीठा और गूदा काफी नरम होता है, इसलिए इसकी बनावट आपको एवोकाडो की याद दिला सकती है। इसमें विटामिन बी-6, मैग्नीशियम और आयरन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसे सीधा खाने के अलावा शेक या स्मूदी में भी डाल सकते हैं। बस मात्रा का ध्यान रखें, क्योंकि इसमें नेचुरल मिठास काफी होती है।
4. शकरकंद
अगर आपको एवोकाडो की क्रीमी बनावट पसंद है, तो शकरकंद एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इसे उबालकर या भूनकर आसानी से मैश कर सकते हैं। इसमें विटामिन ए और विटामिन सी जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। आप इसे नाश्ते में, सलाद के साथ या हल्के स्नैक के तौर पर खा सकते हैं।
5. कटहल
कटहल को सिर्फ सब्जी के तौर पर ही नहीं, बल्कि एक पोषक फल के रूप में भी देखा जाता है। पके कटहल में पोटैशियम, विटामिन ए और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। इसका गूदा नरम और थोड़ा मक्खन जैसा लगता है।
क्या इनसे एवोकाडो जैसे ही फायदे मिलेंगे?
यह समझना जरूरी है कि इनमें से कोई भी चीज एवोकाडो का बिल्कुल वैसा विकल्प नहीं है। हर फल और सब्जी में पोषक तत्वों की मात्रा अलग होती है। एवोकाडो में खासतौर पर हेल्दी फैट और फाइबर अच्छी मात्रा में होता है, जबकि केला पोटैशियम के लिए, शकरकंद विटामिन ए के लिए और अलग-अलग फल अपने दूसरे पोषक तत्वों के लिए जाने जाते हैं। इसलिए सिर्फ एक चीज को एवोकाडो का विकल्प मानने के बजाय अपनी डाइट में अलग-अलग फल, सब्जियां, दालें, साबुत अनाज और दूसरे पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करना ज्यादा बेहतर है।
एवोकाडो खाना जरूरी है क्या?
अगर आपका बजट एवोकाडो खाने की इजाजत नहीं देता, तो इसे लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। अच्छी सेहत के लिए एवोकाडो खाना जरूरी नहीं है। रोज के खाने में अलग-अलग तरह के फल और सब्जियां शामिल करके भी शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व मिल सकते हैं। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए डॉक्टर से सलाह ले सकते हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.