वर्तमान में बड़ी संख्या में भारतीय अच्छी नौकरी और बेहतर करियर की तलाश में विदेश का रुख करते हैं। लेकिन आदित्य अरेपल्ली की कहानी थोड़ा अलग है। उन्होंने भी बेहतर करियर के लिए विदेश का रुख किया, मगर वहां जाने से पहले उन्होंने अपने स्किल पर ध्यान दिया।
सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल
दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यूजर विकास अलव्स ने आदित्य अरेपल्ली की कहानी शेयर की। पोस्ट के मुताबिक, आदित्य ने IIIT धारवाड़ से कंप्यूटर साइंस में B.Tech की पढ़ाई पूरी की है। उनके पिता फोटोग्राफर हैं। पढ़ाई पूरी करने के बाद आदित्य ने टेक्नोलॉजी सेक्टर में अपना करियर शुरू किया और Riverbed टेक्नोलॉजी में नौकरी की। विकास अलव्स की पोस्ट के अनुसार, उन्हें इस कंपनी में करीब 13 लाख रुपये सालाना का पैकेज मिला था। उन्होंने यहां एक साल से अधिक समय तक काम किया। उस समय आदित्य के पास टेक्नोलॉजी सेक्टर में अच्छी नौकरी और काम का अनुभव था। ऐसे में सवाल उठता है कि उन्होंने नौकरी छोड़ने का फैसला क्यों किया?
एआई में बनना था करियर
बता दें कि टेक्नोलॉजी तेजी से बदल रही थी और AI का प्रभाव भी लगातार बढ़ रहा था। आदित्य को लगा कि केवल नौकरी का अनुभव हासिल करना उनके लिए पर्याप्त नहीं होगा। वह AI के क्षेत्र में विशेषज्ञता चाहते थे, ताकि बदलती टेक इंडस्ट्री के साथ खुद को बेहतर तरीके से तैयार कर सकें। इसी सोच के साथ उन्होंने नौकरी छोड़कर अमेरिका में AI में मास्टर्स करने का फैसला किया। वहां उन्होंने यूनिवर्सिटी एट बफेलो (University at Buffalo) में AI में मास्टर्स की पढ़ाई शुरू की।
2 सालों तक की एआई की पढ़ाई
इस विश्वविद्यालय में में उन्होंने 2023 से 2025 के बीच AI की पढ़ाई की। इस दौरान उनकी पढ़ाई का फोकस एएआई, मशीन लर्निंग और कम्प्यूटर वर्जन जैसे क्षेत्रों में रहा। हालांकि, आदित्य ने अपनी पढ़ाई को सिर्फ डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं रखा। विकास अलव्स के मुताबिक, अमेरिका में पढ़ाई के दौरान उन्होंने अलग-अलग सर्टिफिकेशनंस हासिल करने के साथ कोडिंग पर भी काम किया और अपने प्रोडक्ट्स बनाने पर ध्यान दिया। यानी उन्होंने अपनी अकादमिक पढ़ाई के साथ-साथ प्रेक्टिकल एक्सपीरियंस हासिल करने की भी कोशिश जारी रखी।
यहां मिली 1.5 करोड़ की नौकरी
पढ़ाई पूरी करने और अपनी विशेषज्ञता बढ़ाने के बाद उन्हें अमेरिका में अमेजॉन वेब सर्विसेस (AWS) से करीब 1.5 करोड़ रुपये के पैकेज का जॉब ऑफर मिलने का दावा किया गया है। इस तरह आदित्य की कहानी यह दिखाती है कि करियर में आगे बढ़ने के लिए केवल मौजूदा नौकरी पर निर्भर रहना जरूरी नहीं है। कई बार नई स्किल सीखने और किसी खास क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करने के लिए लिया गया जोखिम भविष्य में बड़े अवसरों का रास्ता खोल सकता है।
पिता है फोटोग्राफर
अलव्स ने अपनी पोस्ट में आदित्य के पिता के हवाले से बताया कि उन्होंने अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और अच्छा भविष्य देने के लिए दिन-रात मेहनत की। फोटोग्राफर के तौर पर काम करते हुए उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार बच्चों की पढ़ाई और जरूरतों को पूरा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी। आज जब आदित्य अपने करियर में आगे बढ़ चुके हैं, तो वह अपने पिता की जिम्मेदारी भी उठा रहे हैं। पिता के संघर्ष और बेटे की सफलता की यह कहानी परिवार के त्याग और मेहनत की अहमियत को सामने रखती है।
डिस्क्लेमर: इस कहानी में किए गए सभी दावे और विचार संबंधित व्यक्ति के निजी अनुभव हैं। ‘लाइव हिंदुस्तान’ वेबसाइट सोशल मीडिया पोस्ट पर किए गए इन दावों की पुष्टि नहीं करती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.