Asha Bhosle Last Video: लेजेंडरी सिंगर आशा भोसले के निधन के बाद उनकी पोती जनाई भोसले का दर्द सोशल मीडिया पर छलका है। उन्होंने एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपनी दादी को अपनी सबसे अच्छी दोस्त बताया और फैंस से उनके जीवन का जश्न मनाने की अपील की है।
‘मैंने अपनी सबसे अच्छी दोस्त खो दी’
जनाई भोसले ने 14 अप्रैल को अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें आशा भोसले उन्हें उनका मशहूर गाना ‘दिल चीज क्या है’ गाते हुए नजर आ रही हैं। इस खास पल को साझा करते हुए जनाई ने लिखा कि उन्होंने अपनी सबसे प्यारी दोस्त और जीवन की सबसे खास इंसान को खो दिया है। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि अब वह सुबह उठकर किसे गले लगाएंगी और किसके साथ वक्त बिताएंगी।
जनाई ने अपने पोस्ट में दादी के साथ बिताए छोटे-छोटे पलों को याद किया है। उन्होंने लिखा कि ये यादें भले ही कुछ झलकियां हों, लेकिन उनके लिए पूरी दुनिया जैसी हैं। दादी-पोती के बीच का यह रिश्ता बेहद खास और गहरा था, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
अपने मैसेज में जनाई ने फैंस से अपील की कि वे आशा भोसले को दुख के साथ नहीं, बल्कि खुशी और प्यार के साथ याद करें। उन्होंने कहा कि आशा भोसले हमेशा जीवन और खुशियों का प्रतीक थीं और उन्हें उसी रूप में याद किया जाना चाहिए। जनाई ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि उनकी दादी हमेशा उनके साथ रहेंगी। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि वह जरूर उनके पास वापस आएंगी, क्योंकि उन्होंने ऐसा वादा किया था। जनाई का ये पोस्ट हर किसी को भावुक कर रहा है। इसे आशा ताई का आखिरी वीडियो बताया जा रहा है।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
आशा भोसले का अंतिम संस्कार मुंबई के शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर अंतिम विदाई दी गई, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.