अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रम्प के एक बयान ने अचानक हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने साफ कहा है कि उनका कुख्यात यौन अपराधी जैफ्री एपस्टीन से कभी कोई रिश्ता नहीं रहा। मेलानिया ने कहा, “मैं कभी भी एपस्टीन की दोस्त नहीं रही। मैं कभी उसके प्लेन में नहीं बैठी और न ही उसके प्राइवेट आइलैंड पर गई।” उन्होंने यह भी साफ किया कि उनकी मुलाकात डोनाल्ड ट्रम्प से एपस्टीन के जरिए नहीं हुई थी। उनके मुताबिक, अगर कभी मुलाकात हुई भी तो बस कुछ सामाजिक कार्यक्रमों में ही हुई थी। असल में, जैफ्री एपस्टीन एक बड़ा कारोबारी था, जिस पर नाबालिग लड़कियों के शोषण जैसे गंभीर आरोप लगे थे। 2019 में जेल में उसकी मौत हो गई थी, लेकिन आज भी उसका मामला काफी विवादों में रहता है और कई बड़े नाम इससे जुड़ते रहे हैं। मेलानिया का यह बयान इसलिए चर्चा में है क्योंकि हाल में ऐसा कोई मुद्दा सामने नहीं आया था, फिर भी उन्होंने खुद सामने आकर सफाई दी। इससे सवाल उठ रहे हैं कि आखिर उन्होंने अभी यह बात क्यों कही। खुद डोनाल्ड ट्रम्प ने भी कहा कि उन्हें इस बयान की पहले से कोई जानकारी नहीं थी। जानकारों का मानना है कि हो सकता है आगे किसी तरह का खुलासा होने वाला हो, उससे पहले ही मेलानिया ने अपनी स्थिति साफ कर दी हो। वहीं कुछ लोग इसे इस तरह भी देख रहे हैं कि मौजूदा बड़े अंतरराष्ट्रीय मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश हो सकती है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… दक्षिण अमेरिका देश इक्वाडोर ने कोलंबिया पर 100% टैरिफ लगाया, ड्रग तस्करी रोकने के लिए फैसला दक्षिण अमेरिका के दो पड़ोसी देशों इक्वाडोर और कोलंबिया के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। इक्वाडोर ने कोलंबिया से आने वाले सामान पर टैरिफ बढ़ाकर 100% कर दिया है, जो 1 मई से लागू होगा। इक्वाडोर के राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ ने यह फैसला सीमा पर बढ़ती ड्रग तस्करी और सुरक्षा को लेकर उठाया है। सरकार ने कहा, “कोलंबिया की ओर से सीमा सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए है, इसलिए यह फैसला लिया गया है।” दोनों देशों के बीच यह टकराव कई महीनों से जारी है। इससे पहले जनवरी में 30% और मार्च में 50% टैरिफ लगाया गया था, जिसे अब सीधे 100% कर दिया गया है। कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस फैसले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इक्वाडोर का यह फैसला बहुत बेकार है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.