Women’s T20 World Cup 2026 Nandani Sharma: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आगामी आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपने 15 सदस्यीय स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। दिग्गज हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में चुनी गई इस टीम में कई अनुभवी नाम शामिल हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा 24 वर्षीय तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा की हो रही है। नंदनी ने अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए एक भी मैच नहीं खेला है, इसके बावजूद उन्हें सीधे वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट के लिए टीम में जगह मिली है।
चंडीगढ़ से ताल्लुक रखने वाली दाएं हाथ की मध्यम तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा के चयन के पीछे विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का उनका जादुई प्रदर्शन है। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए नंदनी ने इस सीजन में अपनी गेंदबाजी से तहलका मचा दिया था। उन्होंने टूर्नामेंट के एक ही मैच में हैट्रिक और 5 विकेट लेकर इतिहास रच दिया।
यही नहीं, नंदनी ने पूरे सीजन के 10 मैचों में 17 विकेट झटके। वह सोफी डिवाइन के साथ संयुक्त रूप से सीजन की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। बता दें, WPL के इतिहास में किसी भी भारतीय गेंदबाज द्वारा एक सीजन में किया गया यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसी शानदार फॉर्म का इनाम उन्हें टीम इंडिया की जर्सी के रूप में मिला है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय स्क्वॉड
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, भारती फूलमाली, यस्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदनी शर्मा, राधा यादव।
लॉर्ड्स टेस्ट और इंग्लैंड सीरीज में भी मौका
नंदनी शर्मा की प्रतिभा पर चयनकर्ताओं ने इतना भरोसा जताया है कि उन्हें न केवल टी20 वर्ल्ड कप, बल्कि लॉर्ड्स में होने वाले ऐतिहासिक एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भी टीम में शामिल किया गया है। वर्ल्ड कप से ठीक पहले भारत को इंग्लैंड में ही 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। माना जा रहा है कि नंदनी इसी सीरीज के दौरान अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर सकती हैं।
लॉर्ड्स टेस्ट के लिए भारतीय स्क्वॉड
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, प्रतिका रावल, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदनी शर्मा, हरलीन देओल, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे, स्नेह राणा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.