सूतफेनी और सेवईं आपने खूब खाई होगी लेकिन क्या दोनों के बीच अंतर जानते हैं? आज हम आपको दोनों के बीच अंतर के साथ रेसिपी भी बताने जा रहे हैं, इन्हें आप तीज-त्योहार पर बना सकते हैं।
सेवईं और सूतफेनी में क्या अंतर होता है?
सेवईं और सूतफेनी देखने में एक जैसी लग सकती हैं, लेकिन दोनों की बनावट और बनाने का तरीका काफी अलग होता है। सेवईं थोड़ी कड़क, सीधी या हल्की मुड़ी हुई और मोटे धागे जैसी होती है। इसे आमतौर पर गेहूं के आटे, सूजी या मैदे से तैयार किया जाता है। बाजार में मिलने वाली ज्यादातर सेवईं कच्ची होती हैं, जिन्हें इस्तेमाल करने से पहले हल्का भूनना पड़ता है। इसके बाद इन्हीं सेवईं से दूध वाली खीर, मीठी सेवईं या नमकीन सेवईं जैसी कई चीजें बनाई जाती हैं।
वहीं सूतफेनी बेहद महीन, मुलायम होती है। इसके धागे इतने बारीक होते हैं कि यह देखने में रुई या रेशम के महीन धागों जैसी नजर आती है। सूतफेनी आमतौर पर पहले से तैयार और भुनी हुई मिलती है। इसे सीधे भी खाया जा सकता है या दूध में डालकर स्वादिष्ट मिठाई की तरह परोसा जाता है। कई जगह इसे चाशनी, दूध, इलायची और मेवों के साथ भी खाया जाता है। यही वजह है कि सेवईं को पकाने से पहले तैयार करना पड़ता है, जबकि सूतफेनी पहले से ही काफी हद तक तैयार अवस्था में मिलती है और इसे सीधे दूध या चाशनी के साथ खाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
सेवईं बनाने की रेसिपी-
क्या-क्या चाहिए- सेवईं, 1 कप, दूध, 2 कप चीनी, 4–5 चम्मच घी, 1 चम्मच, इलायची पाउडर, ½ चम्मच, काजू, बादाम, किशमिश, 2–3 चम्मच।
बनाने का तरीका- कड़ाही में घी गर्म करके सेवईं को हल्का सुनहरा होने तक भून लें। अब इसमें दूध डालें और मध्यम आंच पर सेवईं को नरम होने तक पकाएं। फिर चीनी डालकर 3-4 मिनट और पकाएं। अब इलायची पाउडर, काजू, बादाम और किशमिश डाल दें और चलाएं। गाढ़ा होने पर गैस बंद करें।
सूतफेनी कैसे बनाएं-
सामग्री- सूतफेनी, दूध, बादाम, काजू, नारियल, किशमिश।
सूतफेनी बनाने की विधि- सूतफेनी पहले से पकी होती है, तो इसमें ज्यादा मेहनत नहीं करनी है। आपको बस दूध गर्म कर लेना है और उसमें इसे डुबोना है। साथ में आप ड्राई फूट्स को डाल सकते हैं। अगर आपको मिठास कम लगे तो चीनी ऊपर से डालें। बस आपकी सूतफेनी बन जाएगी।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.