इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को नाइटक्लब की घटना में कथित संलिप्तता की जांच जारी रहने के कारण बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए घोषित 15 सदस्यीय टीम से बाहर कर दिया गया। यह जानकारी इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने दी।
अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को स्टोक्स की जगह अंतरिम कप्तान नियुक्त किया गया है। दूसरा टेस्ट 17 से 21 जून तक ‘द ओवल’ में खेला जाएगा।
ईसीबी ने यहां जारी बयान में कहा, ‘‘इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) पुष्टि करता है कि जारी जांच के मद्देनजर बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं माना गया है। यह मैच 17 जून से किया ओवल में शुरू होगा। यॉर्कशर के बल्लेबाज जो रूट टीम की अगुआई अंतरिम कप्तान के तौर पर करेंगे।’’
ससेक्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और एसेक्स के बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स को भी टीम में शामिल किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्टोक्स कथित तौर पर अपने साथी खिलाड़ी गस एटकिंसन के साथ एक नाइटक्लब में हुई घटना में शामिल थे।
इस घटना में एक रग्बी खिलाड़ी के भी शामिल होने की बात कही जा रही है। यह घटना रविवार रात लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर 115 रन की जीत के बाद हुई थी।
रिपोर्टों के मुताबिक, स्टोक्स और एटकिंसन सोमवार तड़के एक नाइटक्लब में मौजूद थे जहां यह कथित घटना हुई।
‘टॉकस्पोर्ट’ ने मंगलवार को अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि स्टोक्स कप्तानी छोड़ सकते हैं और संन्यास की घोषणा भी कर सकते हैं।
ईसीबी ने इससे पहले कहा था कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की समाप्ति के बाद टीम प्रोटोकॉल के संभावित उल्लंघन की जांच की जा रही है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.