हर किचन में पाई जाने वाली छोटी सी मुलेठी सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं होती। अगर आप इसके फायदों के बारे में नहीं जानते हैं, तो हम आपको बताते हैं। आज जानेंगे मुलेठी का पानी पीने से शरीर पर क्या असर होगा?
मुलेठी है क्या?
मुलेठी के फायदे-नुकसान जानने से पहले समझ लीजिए कि आखिर ये है क्या? मुलेठी एक तरह की जड़ी बूटी है, जिसका इस्तेमाल आयुर्वेद में सालों से किया जा रहा है। खासतौर पर मुलेठी की जड़ का यूज होता है और इसमें कई नेचुरल तत्व पाए जाते हैं। लोग इसका पाउडर, चाय या फिर काढ़ा बनाकर पीते हैं।
मुलेठी का पानी पीने से शरीर पर क्या असर होगा?
डॉक्टर उपासना का कहना है कि छोटी सी जड़ी-बूटी मुलेठी के कई फायदे आपको मिल सकते हैं लेकिन ज्यादा इस्तेमाल नुकसानदायक भी हो सकता है। उन्होंने पेट, त्वचा और भी कई फायदे गिनाए हैं।
- पाचन तंत्र के लिए है अच्छा:
- मुलेठी का पानी पीने से पेट की समस्याएं जैसे गैस, एसिडिटी और पेट फूलना काफी हद तक कम हो जाता है। आंतों की सफाई के लिए भी ये पानी फायदेमंद माना जाता है। अगर आप रोजाना इस पानी को पीते हैं, तो पेट तंदरुस्त रहेगा।
- इम्यूनिटी बूस्टर:
- मुलेठी को सर्दी-जुकाम का दुश्मन कहा जाता है। मानसून सीजन में ज्यादातर लोग सर्दी-खांसी से परेशान रहते हैं, ऐसे में मुलेठी का पानी आपकी इम्यूनिटी बूस्ट करेगा और सर्दी-खांसी की समस्या को दूर करेगा। बल्कि अगर आपको एलर्जी की समस्या है और सुबह उठते ही छींक आती हैं, तो मुलेठी में घी मिलाकर पानी सा पतला करें और नाक के अंदर लगाएं। इससे एलर्जी की समस्या भी खत्म हो सकती है।
- तनाव करता है दूर:
- मुलेठी में मौजूद गुण कोर्टिसोल के लेवल को कंट्रोल में करते हैं, जिससे तनाव कम होता है। अगर आपको हर बात पर तनाव होता है, तो मुलेठी का पानी पीना फायदेमंद हो सकता है।
- स्किन के लिए अच्छा:
- मुलेठी का पानी पीने से आपकी स्किन भी खिली-खिली और साफ बनी रहेगी। इसमें ऐसे तत्व होते हैं, जो त्वचा को अंदर से स्वस्थ करते हैं और फिर वह ऊपर से भी चमकती है। इसके अलावा मुलेठी का फेस पैक भी लगा सकते हैं। इसके पाउडर में शहद मिक्स करके लगाने से दाग-धब्बे हटते हैं और स्किन साफ होती है।
नुकसान भी करती है
मुलेठी की तासीर ठंडी होती है, ऐसे में अगर आप इसका ज्यादा इस्तेमाल करेंगे तो परेशानी हो सकती है। इसका पानी 4 हफ्तों से ज्यादा पीने की सलाह डॉक्टर नहीं देते हैं और एक दिन में 10 ग्राम से ज्यादा मुलेठी पाउडर का सेवन न करें। अगर आप इसे ज्यादा खाते या पीते हैं, तो शरीर में सोडियम की मात्रा बढ़ सकती है, जिससे हाई बीपी की समस्या होगी।
-मुलेठी का पानी ज्यादा पीने से शरीर में पानी भी जमा हो सकता है, जिससे सूजन और जोड़ों में दर्द का खतरा बढ़ेगा।
-ज्यादा मुलेठी का इस्तेमाल आपके पाचन को भी बिगाड़ सकता है।
-ब्रेस्टफीडिंग करा रही या प्रेग्नेंट महिलाओं को मुलेठी पाउडर या इसका पानी नहीं पीना चाहिए।
कैसे पीना चाहिए
मुलेठी की लकड़ियों से छाल हटाकर इसका पाउडर तैयार किया जाता है, इसे आप बाजार से खरीद सकते हैं। सुबह 1 गिलास गुनगुने पानी में 10 ग्राम मुलेठी का पाउडर मिक्स करें और पिएं।
नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान इसकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.