क्या आप जानते हैं कि आपकी पॉटी जाने की टाइमिंग आपको सेहत के बारे में काफी कुछ बताती है? जी हां, आप दिन में कब पॉटी जाते हैं और कितनी बार जाते हैं, इसके पीछे का कारण आपको जरूर पता होना चाहिए। न्यूट्रीशनिस्ट ने इस बारे में विस्तार से बताया है।
सुबह की चाय या कॉफी के बाद साफ होता है पेट?
कई लोग जब तक सुबह की चाय या कॉफी ना पी लें, उनका पेट ही साफ नहीं होता। न्यूट्रीशनिस्ट कहती हैं कि इसका मतलब है कि आपकी आंतों को मल त्यागने के लिए बाहरी स्टीमूलेंट्स की जरूरत पड़ती है। ऐसी स्थिति में आपको तुरंत चाय-कॉफी छोड़ने की जरूरत नहीं है। लेकिन आप धीरे-धीरे कैफीन को कम करना शुरू कर सकते हैं, जिससे शरीर को प्राकृतिक रूप से मल त्याग करने की आदत हो।
हर बार खाने के बाद पॉटी आती है?
अगर आपको हर बार खाने के बाद पॉटी आती है, तो इसके पीछे IBS या गैस्ट्रोकॉलिक रिफ्लेक्स जिम्मेदार हो सकता है। न्यूट्रीशनिस्ट कहती हैं कि कुछ मामलों में ये नॉर्मल हो सकता है। लेकिन अगर खाने के बाद बहुत जल्दी या बार-बार फ्रेश होने जाना पड़े और इसके साथ पतला मल, पेट फूलना या किसी तरह का डिस्कंफर्ट हो तो इसे नजरंदाज नहीं करना चाहिए। साथ ही पर्याप्त हाइड्रेशन, संतुलित आहार, फाइबर रिच फूड्स और प्रोबायोटिक या फर्मेंटेड फूड्स को अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए।
दो-तीन दिन में पॉटी आना या सख्त मल की शिकायत
न्यूट्रीशनिस्ट कहती हैं कि अगर आपको 2-3 दिन में एक बार पॉटी आती है और साथ में सख्त मल की शिकायत रहती है, तो ये कब्ज की निशानी हो सकती है। ऐसे में आपको अपनी डाइट में फाइबर रिच फूड्स शामिल करने चाहिए। साथ ही फल, सब्जियां, साबुत अनाज, पर्याप्त मात्रा में पानी, सीड्स और रेगुलर मूवमेंट का ध्यान रखना चाहिए। अपनी गट हेल्थ को सपोर्ट करने के लिए आप प्रोबायोटिक या फर्मेंटेड फूड्स को भी अपनी डाइट का हिस्सा बना सकते हैं।
कभी भी, किसी भी टाइम आ जाती है पॉटी?
अगर आपको कभी भी, किसी भी टाइम पॉटी आ जाती है तो इसका मतलब है कि आपका बाउल रूटीन बिगड़ गया है। ये स्ट्रेस, खराब नींद, खाने की टाइमिंग फिक्स ना होना और रूटीन में लगातार बदलाव होते रहने की वजह से हो सकता है। ऐसे में न्यूट्रीशनिस्ट सलाह देती हैं कि अपना एक फिक्स रूटीन बनाएं। सोने-उठने, खाने-पीने का टाइम फिक्स करें। साथ ही स्ट्रेस मैनेजमेंट और पर्याप्त हाइड्रेशन का भी ध्यान रखें और अपनी डाइट में फाइबर की मात्रा बढ़ाएं।
उठने के तुरंत बाद पॉटी आना
अगर आपको सुबह उठते ही पॉटी आती है और आपको किसी तरह के चाय या कॉफी की जरूरत नहीं पड़ती, तो ये एक अच्छा संकेत है। न्यूट्रीशनिस्ट कहती हैं कि ये रेगुलर बाउल रूटीन को दर्शाता है, जो बॉडी के लिए एक अच्छा संकेत है।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.