ओडिशा के संबलपुर जिले में 24 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित आरोपी रविवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि सुनापाली निवासी मोहम्मद इरफान डकैती, लूट, चोरी, सेंधमारी और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में वांछित था।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ सुबह करीब पांच बजकर 45 मिनट पर सदर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर स्थित सुडुंगा जंगल के पास हुई। पुलिस के अनुसार, इरफान अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की एक टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
मिश्रा के अनुसार पुलिस ने उसके दोनों साथियों को पकड़ लिया, लेकिन इरफान ने पुलिस टीम पर गोली चला दी और मौके से भागने लगा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी गोलीबारी की। मिश्रा ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में इरफान के बाएं पैर में गोली लगी।
पुलिस के मुताबिक, इरफान ने पुलिस पर तीन गोलियां चलाईं जिसके बाद पुलिस दल ने जवाब में दो गोलियां चलाईं। मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल से एक पिस्तौल, गोलियां और तीन खोखे बरामद किए गए हैं। आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इरफान को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मामले की जांच जारी है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.