आईपीएल खिताब जीतने के तुरंत बाद क्रिकेटर विराट कोहली और अनुष्का शर्मा मंगलवार सुबह मथुरा के वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम पहुंचे। दोनों ने अपनी गाड़ी में ही चप्पल-जूते उतार दिए और नंगे पैर चलकर पूज्य संत प्रेमानंद जी महाराज का आशीर्वाद लिया।
मास्क लगाकर आम श्रद्धालुओं की तरह की एंट्री
मंगलवार सुबह करीब 7:00 बजे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा कार से केली कुंज आश्रम के मुख्य द्वार पर पहुंचे। आश्रम के बाहर मीडिया और प्रशंसकों की भीड़ से बचने के लिए दोनों ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। गाड़ी से उतरने के बाद दोनों बिल्कुल आम श्रद्धालुओं की तरह पैदल चलते हुए भक्ति भाव में लीन होकर महाराज जी की कुटिया की तरफ बढ़े। दोनों ने आश्रम के शांत और आध्यात्मिक वातावरण में लगभग 2 घंटे का लंबा समय गुजारा और सुबह तकरीबन 9:00 बजे बाहर आए।
तीन महीने में तीसरी बार लगाई हाजिरी
क्रिकेट की व्यस्त पिचों और आईपीएल की थकान के बीच विराट और अनुष्का का भगवान श्रीकृष्ण की भूमि और राधा रानी के अनन्य भक्त प्रेमानंद महाराज के प्रति लगाव लगातार गहराता जा रहा है। पिछले तीन महीनों के भीतर विराट और अनुष्का की यह तीसरी वृंदावन यात्रा है। इससे पहले यह स्टार कपल इसी साल फरवरी के महीने में और उसके बाद अप्रैल के मध्य में भी महाराज जी के दर्शन करने और उनकी दिव्य वाणी (सत्संग) का श्रवण करने मथुरा-वृंदावन आया था।
सत्संग सुना और लिया राधा नाम का आशीर्वाद
मंगलवार को आश्रम में बिताए दो घंटों के दौरान विराट और अनुष्का ने पूज्य प्रेमानंद जी महाराज के चरणों में बैठकर उनका आशीर्वाद ग्रहण किया और मन की शांति तथा जीवन के कल्याण के लिए महाराज जी से विशेष संवाद भी किया। महाराज जी ने दोनों को राधा नाम के सुमिरन की महिमा बताई और उन्हें आशीर्वाद स्वरूप तुलसी की माला तथा प्रसाद भेंट किया।
सोशल मीडिया पर जैसे ही विराट और अनुष्का के नंगे पैर आश्रम जाने की तस्वीरें वीडियो सामने आई, देश-दुनिया में मौजूद उनके करोड़ों प्रशंसक उनकी इस अद्वितीय सादगी, धार्मिक निष्ठा और भारतीय संस्कृति के प्रति उनके गहरे सम्मान की जमकर सराहना कर रहे हैं। कुछ लोगों ने तो आईपीएल में विराट कोहली की सफलता का श्रेय भी प्रेमानंद महाराज को दिया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.