नए दल के रूप में चुनाव मैदान में उतरी टीवीके के सबसे बड़े दल के रूप में उभरने और सरकार बनाने की संभावना के बीच अब अभिनेता से नेता बने विजय के चुनावी वादों पर लोगों की नजर है। इनमें विवाह के लिए 8 ग्राम सोना देने का वादा भी शामिल है, जिसकी कीमत लगभग 1,40,000 रुपये (22 कैरेट) बताई गई है।
पार्टी के घोषणापत्र में विजय ने 60 वर्ष से कम आयु की महिलाओं के लिए प्रति माह 2,500 रुपये की सहायता, विवाह के लिए आठ ग्राम सोना और हर परिवार को साल में छह मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने का आश्वासन दिया है।
दोपहर तीन बजे तक निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, विजय की पार्टी 105 विधानसभा क्षेत्रों में आगे चल रही है, जो कि सदन में साधारण बहुमत (118) से कुछ ही कम है।
विजय ने गरीब दुल्हनों के लिए सोने के साथ अच्छी गुणवत्ता की रेशमी साड़ी देने और महिलाओं द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूहों के लिए पांच लाख रुपये तक के ब्याज-मुक्त ऋण का भी वादा किया है।
उन्होंने सत्ता में आने पर भ्रष्टाचार-मुक्त और सुशासन देने का आश्वासन दिया है।
घोषणापत्र में शिक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया है। स्कूल छोड़ने की समस्या को रोकने के लिए सरकारी और राज्य सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की माताओं या अभिभावकों को वार्षिक 15,000 रुपये देने का वादा किया गया है।
विजय ने राज्य में शिक्षा में क्रांति लाने का श्रेय पाने वाले प्रसिद्ध नेता के. कामराज के नाम पर 100 विशेष आवासीय स्कूल स्थापित करने और उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण देने का वादा किया है।
टीवीके के संस्थापक ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता मंत्रालय, कृत्रिम बुद्धिमत्ता विश्वविद्यालय और कृत्रिम बुद्धिमत्ता नगर स्थापित करने की भी घोषणा की है।
घोषणापत्र में कृषि क्षेत्र के कल्याण पर भी विशेष जोर दिया गया है।
पार्टी ने वादा किया है कि पांच एकड़ से कम भूमि रखने वाले किसानों के कृषि सहकारी फसल ऋण पूरी तरह माफ किए जाएंगे, जबकि इससे अधिक भूमि वाले किसानों को 50 प्रतिशत ऋण की माफी दी जाएगी। इसके अलावा, धान के लिए 3,500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने के लिए 4,500 रुपये प्रति टन का न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का भी आश्वासन दिया गया है।
युवा बेरोजगारी को लेकर विजय ने पांच लाख नए सरकारी रोजगार सृजित करने और उतनी ही संख्या में भत्तायुक्त प्रशिक्षण अवसर देने का वादा किया है। बेरोजगार स्नातकों को प्रति माह 4,000 रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी।
सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना पर विचार करने और नर्सों सहित अनुबंध कर्मियों को नियमित करने का आश्वासन दिया गया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में उन्होंने नशामुक्त तमिलनाडु का संकल्प लिया है। विजय ने अस्पतालों के आधुनिकीकरण, हर वर्ष निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और 25 लाख रुपये तक की पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने का भी वादा किया है।
घोषणापत्र में बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए प्रति माह 3,000 रुपये की पेंशन, 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, भूमि स्वामित्व दस्तावेजों का नियमितीकरण और सभी घरों को 100 प्रतिशत पाइप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने जैसे प्रावधान भी शामिल हैं।
टीवीके द्वारा किए गए कुछ नीतिगत हस्तक्षेपों में यह भी शामिल है कि सामुदायिक प्रमाणपत्र और भूमि स्वामित्व दस्तावेज जैसी आवश्यक सरकारी सेवाओं को एक निश्चित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराने की कानूनी गारंटी दी जाएगी।
विजय ने घर-घर तक शासन की सेवाएं पहुंचाने का भी वादा किया है, जिसके तहत राशन जैसी सुविधाएं सीधे लोगों के घर तक पहुंचाई जाएंगी।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि उनके शासन में कारोबार करने में आसानी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और व्यापारिक लाइसेंस 21 दिनों के भीतर जारी करने की सख्त गारंटी दी जाएगी।
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान किया गया था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.