Bharat Kapoor Passes Away: फिल्मों और टीवी की दुनिया के दिग्गज कलाकार भरत कपूर का आज यानि 27 अप्रैल को निधन हो गया। उन्होंने 80 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। सामने आई जानकारी की माने तो, भरत कपूर का मुंबई के सायन अस्पताल में सोमवार दोपहर करीब 3.30 बजे निधन हुआ।
भरत कपूर के निधन की खबर की पुष्टि अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की है। परिवारवालों और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शाम को 6.30 बजे उनका अंतिम संस्कार किया गया।
दिग्गज कलाकार भरत कपूर का 80 की उम्र में निधन
अभी तक भरत कपूर के निधन का सटीक कारण पता नहीं चल पाया है। खबरों के मुताबिक, पिछले चार दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी और उनका मुंबई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। एक्टर से जुड़े करीबी सूत्रों ने मीडिया से बातचीत में खुलासा किया कि मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के चलते उनका निधन हो गया।
अशोक पंडित ने भरत कपूर को दी श्रद्धांजलि
अशोक पंडित ने भरत कपूर के निधन की खबर की पुष्टि करते हुए अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट लिखा है। उन्होंने दिवंगत कलाकार की एक फोटो शेयर की और भावुक होते हुए लिखा, “सीनियर थिएटर और फिल्म एक्टर भरत कपूर जी के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मेरे करियर के शुरुआती दिनों में उनके साथ काम करने की कई शानदार यादें हैं। वो एक महान इंसान थे। ओम शांति।”
भरत कपूर एक लोकप्रिय कलाकार थे जिन्होंने फिल्मों के साथ-साथ टीवी की दुनिया में भी अपना दमखम दिखाया। उन्हें ‘नूरी’ (1979), ‘राम बलराम’ (1980), ‘लव स्टोरी’ (1981), ‘बाजार’ (1982), ‘गुलामी’ (1985), ‘आखिरी रास्ता’ (1986), ‘सत्यमेव जयते’ (1987), ‘स्वर्ग’ (1990), ‘खुदा गवाह’ (1992), ‘रंग’ (1993), ‘बरसात’ (1995), ‘साजन चले ससुराल’ (1996), और बाद में ‘मीनाक्षी: ए टेल ऑफ थ्री सिटीज’ (2004) में अपनी भूमिकाओं के लिए जाना जाता है। अपने चार दशक के करियर में उन्होंने कई तरह के किरदार निभाए और अपने परफॉर्मेंस से हर किरदार को यादगार बना दिया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.