अमेरिका के इडाहो स्थित माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर रविवार को एयर शो के दौरान अमेरिकी सेना के दो EA-18G ग्रोलर फाइटर जेट हवा में टकराकर क्रैश हो गए। हादसे के बाद एयर फोर्स बेस को लॉकडाउन कर दिया गया। बाकी सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। यह हादसा गनफाइटर स्काइज एयर शो के दौरान स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। टक्कर के बाद घटनास्थल के पास काला धुआं उठता दिखा। दोनों विमान एयर बेस से करीब 2 मील दूर गिरे। सभी 4 क्रू मेंबर सुरक्षित बाहर निकले सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दोनों विमान हवा में टकराने के बाद टूटते दिखे। इसके कुछ ही देर बाद 4 पैराशूट नीचे उतरते नजर आए। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, एयर शो के अनाउंसर ने दर्शकों को बताया कि सभी 4 क्रू मेंबर सुरक्षित इजेक्ट हो गए। माउंटेन होम एयर फोर्स बेस ने कहा कि इमरजेंसी रिस्पॉन्डर्स मौके पर मौजूद हैं और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। 8 साल बाद हो रहा था एयर शो गनफाइटर स्काइज एयर शो इस सप्ताहांत 8 साल बाद वापस लौटा था। सैन्य विमानों के प्रदर्शन और एरियल डेमोंस्ट्रेशन देखने के लिए हजारों लोग पहुंचे थे। आयोजन की तैयारी करीब 2 साल से चल रही थी। इस हादसे ने माउंटेन होम एयर शो के पुराने हादसों की याद भी ताजा कर दी। 2018 में यहां एक हैंग ग्लाइडर पायलट रनवे पर क्रैश में मारा गया था। 2003 में भी एयर शो के दौरान थंडरबर्ड्स का एक जेट क्रैश हुआ था, हालांकि पायलट बच गया था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.