आजकल अनचाहे बालों से छुटकारा पाने के लिए लेजर हेयर रिमूवल ट्रीटमेंट काफी फेमस हो गया है. कई लोग हाथ-पैर के बाल हमेशा के लिए कम करने के लिए यह ट्रीटमेंट करवाना चाहते हैं, लेकिन अक्सर उनके मन में सवाल रहता है कि इसमें कितने सेशन लगते हैं और कुल खर्च कितना आता है. अगर आप भी लेजर हेयर रिमूवल कराने की सोच रहे हैं, तो पहले इसके सेशन, प्रक्रिया और पैसे के बारे में जान लें…
लेजर हेयर रिमूवल की प्रक्रिया में मशीन से निकलने वाली लेजर किरणें सीधे बालों की जड़ों पर असर डालती हैं. यह किरणें बालों में मौजूद मेलेनिन पिगमेंट को टारगेट करती हैं और हेयर फॉलिकल को नुकसान पहुंचाती हैं, जिससे बालों की दोबारा बढ़ने की गति धीमी हो जाती है. डॉक्टरों के अनुसार एक ही बार में सारे बाल खत्म नहीं होते, क्योंकि शरीर के बाल अलग-अलग ग्रोथ साइकल में होते हैं. इसी कारण लेजर ट्रीटमेंट को कई सेशन्स में किया जाता है ताकि हर ग्रोथ फेज में मौजूद बालों को टारगेट किया जा सके.
कितने सेशन के बाद खत्म हो जाते हैं बाल
आमतौर पर हाथ और पैरों के बाल कम करने के लिए 6 से 8 सेशन की जरूरत पड़ सकती है. ये सेशन लगभग 4 से 6 हफ्ते के अंतराल पर किए जाते हैं. हालांकि यह संख्या हर व्यक्ति के लिए अलग-अलग हो सकती है, क्योंकि बालों की मोटाई, त्वचा का रंग, हार्मोनल स्थिति और बालों की ग्रोथ की गति जैसे कई कारक इस पर असर डालते हैं. कुछ लोगों में 4-5 सेशन के बाद ही बाल काफी पतले और कम नजर आने लगते हैं, जबकि कुछ मामलों में ज्यादा सेशन की जरूरत भी पड़ सकती है.
क्या ये ट्रीटमेंट खत्म कर देता है बाल
यह भी समझना जरूरी है कि लेजर हेयर रिमूवल बालों को हमेशा के लिए पूरी तरह खत्म नहीं करता, बल्कि उनकी ग्रोथ को काफी हद तक कम कर देता है. कई लोगों में बाल बहुत पतले, हल्के और कम संख्या में वापस आते हैं. इसलिए कुछ समय बाद मेंटेनेंस सेशन की भी जरूरत पड़ सकती है. सही क्लिनिक और प्रोफेशनल विशेषज्ञ से ट्रीटमेंट करवाना भी बेहद जरूरी होता है, ताकि त्वचा को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे.
इन चीजों का रखें ख्याल
ट्रीटमेंट कराने से पहले त्वचा की जांच करवाई जाती है और डॉक्टर यह तय करते हैं कि किस प्रकार का लेजर आपकी स्किन के लिए सही रहेगा. इसके अलावा सेशन के बाद धूप से बचाव, सनस्क्रीन का इस्तेमाल और त्वचा की सही देखभाल करना भी जरूरी होता है.
कितना आता है खर्च?
लेजर हेयर रिमूवल का खर्च इस बात पर निर्भर करता है कि आप शरीर के किस हिस्से का ट्रीटमेंट करवा रहे हैं और क्लिनिक की टेक्नोलॉजी कैसी है. आमतौर पर भारत में एक सेशन की कीमत करीब 2,000 रुपये से 15,000 रुपये तक हो सकती है. हाथ और पैरों के लिए आमतौर पर 6 से 8 सेशन की जरूरत पड़ती है, इसलिए कुल खर्च लगभग 30,000 रुपये से 80,000 रुपये या उससे ज्यादा भी हो सकता है.
About the Author
विविधा सिंह न्यूज18 हिंदी (NEWS18) में पत्रकार हैं. इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में बैचलर और मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. पत्रकारिता के क्षेत्र में ये 3 वर्षों से काम कर रही हैं. फिलहाल न्यूज18…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.