टोयोटा भारत में अपनी दो सबसे पॉपुलर गाड़ियों के नए अवतार लाने की तैयारी में है। इसमें पहली मशहूर हायराइडर का 7-सीटर वैरिएंट है। जबकि दूसरी देश की सबसे चहेती एसयूवी फॉर्च्यूनर का थर्ड-जनरेशन मॉडल है।
कुछ ऐसी होगी डिजाइन
टेस्टिंग के दौरान लीक हुई तस्वीरों से पता चलता है कि नई फॉर्च्यूनर मौजूदा मॉडल के मुकाबले ज्यादा बॉक्सी, मस्कुलर और सीधी खड़ी नजर आएगी। इसका अगला हिस्सा पहले से ज्यादा चौड़ा होगा, जिसमें एक बड़े साइज की नई ग्रिल, स्लीक एलईडी डीआरएल (LED DRLs) और नए पैटर्न वाली हेडलाइट्स दी जाएंगी। इसके अलावा, कार में फ्लैट बोनट, नया फ्रंट बंपर और नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स मिलेंगे, जो इसे सड़कों पर एक रॉकस्टार लुक देंगे।
केबिन भी पूरी तरह से बदलेगा
इस बड़े जनरेशन अपडेट के साथ फॉर्च्यूनर के केबिन को भी पूरी तरह से बदल दिया जाएगा। नई फॉर्च्यूनर के डैशबोर्ड पर हिलक्स से लिया गया पूरी तरह डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और पहले से कहीं बड़ा 12.3-इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम देखने को मिल सकता है। इतना ही नहीं, ग्राहकों की डिमांड को देखते हुए इसमें एक शानदार सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा, वायरलेस फोन चार्जिंग, एडवांस कनेक्टेड कार फीचर्स और ओटीए (ओवर-द-एयर) अपडेट्स जैसी मॉडर्न सुविधाएं भी शामिल की जाएंगी।
सेफ्टी भी होगी दमदार
फीचर्स के अलावा इस बार टोयोटा अपनी इस धाकड़ एसयूवी की सुरक्षा पर भी सबसे ज्यादा ध्यान दे रही है। नई फॉर्च्यूनर का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण अपडेट इसमें ‘टोयोटा सेफ्टी सेंस’ यानी एडैस्ड (ADAS) टेक्नोलॉजी का मिलना होगा। टेस्टिंग के दौरान देखे गए मॉडल के अगले बंपर पर रडार मॉड्यूल और विंडस्क्रीन के पीछे कैमरे लगे हुए पाए गए हैं। इससे साफ है कि नई कार में लेन कीप असिस्ट, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग और एडेप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसे कमाल के सेफ्टी फीचर्स मिलेंगे।
कब होगी भारत में लॉन्च?
अगर पावरट्रेन की बात करें तो नई फॉर्च्यूनर के इंजन में कंपनी ज्यादा छेड़छाड़ नहीं करेगी। इसमें मौजूदा मॉडल वाले भरोसेमंद ऑप्शंस मिलते रहेंगे। कार में 2.7-लीटर का पेट्रोल इंजन, 2.8-लीटर का दमदार डीजल इंजन और नया 2.8-लीटर का माइल्ड हाइब्रिड ‘नियो ड्राइव’ इंजन मिलने की पूरी उम्मीद है। इन इंजनों के साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों ही गियरबॉक्स के ऑप्शंस मिलते रहेंगे। साथ ही, ऑफ-रोडिंग के शौकीनों के लिए ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) का सिस्टम भी पहले की तरह बरकरार रहेगा। इस धांसू एसयूवी का ग्लोबल डेब्यू इस साल के अंत तक हो सकता है। जबकि भारत में इसकी लॉन्चिंग 2027 की शुरुआत में होने की संभावना है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.