Flower Gardening Tips: बसंत का मौसम बागवानी के लिए सबसे अनुकूल माना जाता है. इस समय लगाए गए पौधे तेजी से बढ़ते हैं और लंबे समय तक फूल देते हैं. गुलाब, गेंदा, पेटुनिया, लिली, डायन्थस और फ्लॉक्स जैसे फूल बगिया को रंग-बिरंगा बना देते हैं. वहीं मैक्सिकन पेटुनिया और कॉसमॉस जैसे पौधे तेज धूप में भी आसानी से खिलते रहते हैं. चमेली और क्राउन डेजी जैसे पौधे कम देखभाल में भी अच्छी तरह बढ़ते हैं. सही मिट्टी, धूप और सीमित पानी देने से घर की बगिया, छत या बालकनी को बेहद खूबसूरत और खुशबूदार बनाया जा सकता है.
बसंत का मौसम आते ही वातावरण में नई ताजगी और उल्लास महसूस होने लगता है. ठंड के बाद हल्की गर्माहट के साथ पेड़-पौधों पर नई कोपलें फूटने लगती हैं और आसपास का माहौल रंग-बिरंगे फूलों की खुशबू से महक उठता है. यही कारण है कि बसंत को ऋतुओं का राजा यानी ऋतुराज कहा जाता है. इस मौसम में अगर घर की बगिया, छत या बालकनी में सही फूलों के पौधे लगाए जाएं और उनकी थोड़ी देखभाल की जाए, तो पूरा घर प्राकृतिक सुंदरता से भर सकता है. बागवानी के शौकीनों के लिए यह मौसम सबसे अनुकूल माना जाता है, क्योंकि इस समय लगाए गए पौधे जल्दी बढ़ते हैं और लंबे समय तक फूल देते हैं. सही पौधों के चयन से गार्डन न केवल आकर्षक बनता है, बल्कि पूरे वातावरण को भी सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है.

बसंत के मौसम में गुलाब सबसे अधिक पसंद किए जाने वाले फूलों में शामिल है. गुलाब के लाल, गुलाबी, पीले, सफेद और नारंगी जैसे कई रंग बगिया को बेहद खूबसूरत बना देते हैं. इसके साथ ही गेंदा भी एक ऐसा पौधा है, जो कम देखभाल में भी अच्छी तरह बढ़ता है और लंबे समय तक फूल देता रहता है. पेटुनिया के घंटीनुमा रंग-बिरंगे फूल गमलों और क्यारियों दोनों में बहुत आकर्षक लगते हैं. लिली के छोटे और बड़े दोनों प्रकार के फूल बगिया को शाही लुक देते हैं और लंबे समय तक खिले रहते हैं. इसके अलावा डायन्थस, फ्लॉक्स, डेहलिया, मोगरा और बुरांश जैसे पौधे भी इस मौसम में आसानी से लगाए जा सकते हैं. इन फूलों की खासियत यह है कि ये न केवल बगिया को सुंदर बनाते हैं, बल्कि इनकी खुशबू से वातावरण भी ताजगी से भर जाता है.

गर्मियों की शुरुआत के साथ कुछ ऐसे पौधे भी होते हैं, जो तेज धूप में भी अच्छी तरह खिलते रहते हैं. मैक्सिकन पेटुनिया और कॉसमॉस ऐसे ही पौधे हैं, जिन्हें बसंत के मौसम में लगाना बेहद फायदेमंद माना जाता है. ये पौधे गर्म मौसम को आसानी से सहन कर लेते हैं और लंबे समय तक लगातार फूल देते रहते हैं. कॉसमॉस के हल्के, पतले और आकर्षक फूल गार्डन को प्राकृतिक और सॉफ्ट लुक देते हैं, जबकि मैक्सिकन पेटुनिया कम देखभाल में भी तेजी से बढ़ने वाला पौधा है. इन पौधों को लगाने से गार्डन में रंगों की विविधता बनी रहती है और पूरे मौसम में हरियाली के साथ फूलों की बहार दिखाई देती है. यही वजह है कि बागवानी विशेषज्ञ भी इन पौधों को गर्मियों के लिए बेहतरीन विकल्प मानते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

चमेली का पौधा भी प्लांट लवर्स के बीच काफी लोकप्रिय माना जाता है. इसकी खुशबूदार सफेद कलियां वातावरण को महका देती हैं और शाम के समय इसकी महक और भी ज्यादा बढ़ जाती है. चमेली की खासियत यह है कि इसे बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती. गर्मियों में सप्ताह में दो से तीन बार पानी देना इसके लिए पर्याप्त माना जाता है. हालांकि यह ध्यान रखना जरूरी है कि पौधे की जड़ों में पानी जमा न होने पाए, क्योंकि ज्यादा नमी से जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है और पौधा सूख भी सकता है. इसलिए इसे हमेशा ऐसी जगह लगाना चाहिए, जहां से पानी आसानी से निकल सके. समय-समय पर हल्की छंटाई करने से पौधा घना होता है और उस पर अधिक संख्या में फूल भी आने लगते हैं.

क्राउन डेजी भी एक ऐसा पौधा है, जो कम देखभाल में अच्छी तरह बढ़ता है और बगिया की सुंदरता को कई गुना बढ़ा देता है. इसे लगाने के लिए अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी सबसे उपयुक्त मानी जाती है, ताकि जड़ों में पानी जमा न हो. इस पौधे को ज्यादा पानी देने की जरूरत नहीं होती और सामान्य तौर पर हफ्ते में दो से तीन बार पानी देना पर्याप्त रहता है. इसके अलावा अगर पौधे को रोजाना पांच से छह घंटे की अच्छी धूप मिल जाए, तो इसकी बढ़वार तेजी से होती है और उस पर ज्यादा फूल आते हैं.समय-समय पर सूखे फूलों को हटाने से पौधे में नई कलियां जल्दी आने लगती हैं. इन सभी पौधों को लगाकर घर की बगिया, छत या बालकनी को बेहद खूबसूरत और रंगीन बनाया जा सकता है.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.