पिता की राह ताकते तेज प्रताप
इस बीच वे हर मिनट अपने साथी से पिता के बारे में पूछ रहे हैं कि वे कब तक पहुंचेंगे। उन्होंने अपने साथी को हिदायत दी है कि लालू यादव के आते ही उन्हें तुरंत बताया जाए। पिता के आने की खुशी में वे इतने उतावले हैं कि राहगीरों से भी साइड होने को कह रहे हैं, ताकि लालू यादव आसानी से आ सकें।
लालू यादव की गाड़ी में बैठकर एंट्री
काफी देर तक राह ताकने के बाद भी लालू यादव नहीं पहुंचे जिस पर तेज प्रताप यादव थोड़े निराश हो गए। वे कहते हैं कि उन्हें नहीं लगता कि उनके पिता आएंगे। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि लालू यादव के आने के बाद ही केक कटिंग होगी। इतना कहते हैं कि लालू यादव की गाड़ी में बैठकर एंट्री होती है।
पिता को देखते ही चहके ‘तेजू भैया’
पिता को देखते ही तेज प्रताप का चेहरा खिल उठता है। वे गाड़ी के पास जाकर पिता को रिसीव करते हैं और उनका पैर छूकर आशीर्वाद लेते हैं। इसके बाद केक कटिंग सेलिब्रेशन शुरू होता है, जिसमें लालू यादव अपने हाथों से बड़े बेटे को केक खिलाते नजर आए। इस मौके पर तेज प्रताप बेहद खुश दिखाई दिए। उन्होंने ऐलान किया कि उनके पिता ने उनके जन्मदिन पर आकर उन्हें बहुत बड़ा तोहफा दिया है।
पिता-भाई संग दूरियों को लेकर छलका दर्द
इससे पहले शो में तेज प्रताप का पारिवारिक मनमुटाव को लेकर पूछे गए सवाल पर दर्द छलक पड़ा था। उन्होंने बेहद बेबाकी से स्वीकार किया कि राजनीति की आपाधापी और कुर्सी की चाहत के चलते उनके पिता और भाई से रिश्तों में दूरियां आ गईं। जब तेज प्रताप यादव से पूछा गया कि कुर्सी में कुछ तो पावर होती है न, ये परिवार में रार करवा देती है? इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘जो बाहुबली की रियल स्टोरी है, वही स्टोरी मेरे साथ हुई है।’
डूबते हुए को कौन पूछता है- तेज प्रताप
इसके बाद उनसे आगे पूछा गया कि आप कौन थे बाहुबली? आपके साथ भी किसी ने कटप्पा (गद्दारी) किया था? तेज प्रताप ने कहा हम बाहुलबी थे। साथ ही गद्दारी वाले सवाल का जवाब उन्होंने ‘हां’ में दिया। उन्होंने कहा, ‘गद्दारी नहीं हुई होती तो पार्टी कैसे बनती। कटप्पा बाहुबली को मारने में लगा हुआ है। यहां उगते हुए सूरज को लोग प्रणाम करते हैं, डूबते हुए को कौन पूछता है?’
क्यों बनानी पड़ी JJD पार्टी?
इस दौरान तेज प्रताप से JJD पार्टी बनाने के पीछे की वजह पूछी गई। दो बेटों के बीच भेदभाव को लेकर सवाल हुआ। पूछा गया कि आपको स्वास्थ्य मंत्री और उन्हें (तेजस्वी यादव) डिप्टी सीएम क्यों बनाया गया? इन सवालों पर तेज प्रताप जवाब देने से पीछे नहीं हटे। उन्होंने खुलकर बताया कि पार्टी पर तो लोगों ने पहले ही कब्जा कर लिया था।
उनसे पूछा गया कि क्या इस बारे में उन्होंने अपने माता (राबड़ी देवी)-पिता (लालू प्रसाद यादव) से शिकायत की थी? तब तेज प्रताप ने कहा कि किसी का आंख और मुंह बंद थोड़ी है। लोग तो देख ही रहे हैं।
लालू परिवार का घरेलू मामला
बता दें कि लालू परिवार का घरेलू मामला जगजाहिर है। लालू यादव ने साल 2025 में तेज प्रताप यादव को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था। ये कार्रवाई तेज प्रताप के सोशल मीडिया पर एक कथित निजी रिश्ते से जुड़े वायरल पोस्ट और उनके गैर-जिम्मेदाराना आचरण के लिए की गई थी, जिससे लालू यादव बेहद नाराज हुए थे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.