Last Updated:
Indian Cricket Team: टी20 वर्ल्ड कप में ओपनिंग जोड़ी भारतीय टीम के लिए बड़ा सिरदर्द बनी हुई है. अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने ग्रुप स्टेज और सुपर-8 के एक मुकाबले सहित कुल 4 मैचों में ओपनिंग की. वहीं, एक मुकाबले में संजू सैमसन और ईशान किशन ओपन करते नजर आए. कुल 5 मैचों में भारतीय सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 34 रन ही जोड़े हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम को पहले सुपर-8 मैच में मिली हार का बड़ा कारण ओपनिंग जोड़ी का फेल रहना ही रहा. बिना रन जोड़े ही टीम इंडिया ने पहला विकेट गंवा दिया था.
ओपनिंग जोड़ी दमदार शुरुआत दिलाने में फेल.
दरअसल, हम यहां जिस कमजोरी की बात कर रहे हैं वो भारत की ओपनिंग जोड़ी का लगातार फेल होना है. अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने ओपन करते हुए भारत को टूर्नामेंट में अब तक एक भी 50+ स्टार्ट नहीं दिया है. टीम इंडिया के लिए ओपनिंग जोड़ी सबसे बड़ा सिरदर्द बन गई है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में भी भारत की सलामी जोड़ी ने निराश किया. भारत को टी20 वर्ल्ड कप के 5 मुकाबलों में सलामी जोड़ी ने महज 34 रन दिलाए हैं. ईशान किशन के बल्ले से तो रन निकल रहे हैं, लेकिन अभिषेक शर्मा का लगातार फ्लॉप होना टीम के लिए टेंशन बन चुका है. चार मुकाबलों में ये दोनों बल्लेबाज ओपनिंग करने उतरे, जबकि एक मैच में अभिषेक की जगह संजू सैमसन को ओपनिंग को मौका मिला.
ओपनिंग जोड़ी दमदार शुरुआत दिलाने में फेल.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ नहीं बना एक भी रन
साउथ अफ्रीका से मिले 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की ओपन करने मैदान में उतरे. हालांकि, ईशान की पारी का अंत सिर्फ 4 गेंदों में हो गया और भारतीय टीम की सलामी जोड़ी स्कोरबोर्ड पर एक रन भी नहीं लगा सकी. ईशान का खाता नहीं खुला, जबकि अभिषेक 15 रन बनाकर आउट हो गए. यह हाल सिर्फ इस मैच का ही नहीं है, बल्कि अब तक खेले गए मुकाबलों में भारत की सलामी जोड़ी का यही हश्र रहा है. यूएसए के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच में अभिषेक और ईशान किशन पारी का आगाज करते हुए सिर्फ 8 रन ही जोड़ पाए थे. अभिषेक बिना खाता खोले ही आउट हो गए थे.
अभिषेक शर्मा का नहीं चल रहा बल्ला
नामीबिया के खिलाफ अभिषेक के बीमार होने की वजह से ईशान किशन को संजू सैमसन के रूप में नया जोड़ीदार मिला था. हालांकि, नतीजा कुछ खास नहीं रहा. ईशान ने तो इस मैच में 61 रन जड़े, लेकिन संजू 8 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद चलते बने. नतीजा यह हुआ कि भारत की ओपनिंग साझेदारी 25 रन ही जोड़ सकी. पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक शर्मा प्लेइंग इलेवन में लौटे और वह ईशान किशन के साथ पारी का आगाज करने उतरे. इस बार टीम इंडिया की सलामी जोड़ी महज एक रन बनाकर टूट गई. ईशान ने तो ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए 40 गेंदों में 77 रन बनाए, लेकिन अभिषेक बिना खाता खोले आउट हुए.
ओपनिंग साझेदारी के विफल होने की कहानी नीदरलैंड के खिलाफ भी नहीं बदली. अभिषेक और ईशान ने मिलकर पहले विकेट के लिए एक रन तक नहीं जोड़ सके. अभिषेक जीरो पर आउट हुए, जबकि ईशान 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे. सलामी जोड़ी के लगातार नाकाम होने से भारतीय टीम की चिंता बढ़ गई है. टीम इंडिया को अगर अपनी ही सरजमीं पर खिताब का बचाव करना है, तो अभिषेक और ईशान की जोड़ी को आने वाले मैचों में ज्यादा जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी करनी होगी. भारत की बचे दो सुपर-8 मैचों में जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से भिड़ंत है. सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को इन दो मैचों में सिर्फ जीत नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी, क्योंकि साउथ अफ्रीका से हारकर भारत के नेट रनरेट को गहरा नुकसान पहुंचा है. टीम इंडिया का रनरेट माइनस में पहुंच गया है.
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.