Teacher Day Speech in Hindi: शिक्षक दिवस पर स्कूल में भाषण देना चाहते हैं? 2 मिनट का यह आसान और असरदार भाषण। टीचर्स पर स्पीच देकर स्टूडेंट्स अपने पसंदीदा शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हैं।
2 मिनट के भाषण का आसान फॉर्मेट
“आदरणीय प्रधानाचार्य जी, सम्मानित शिक्षकगण और मेरे प्यारे सहपाठियों, आप सभी को सुप्रभात! सबसे पहले मैं आप सभी को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं।”
आज 5 सितंबर है और हम सब यहां भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान विद्वान और एक आदर्श शिक्षक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती मनाने के लिए एकत्र हुए हैं। सर्वपल्ली राधाकृष्णन भारतीय संस्कृति के संवाहक, प्रख्यात शिक्षाविद और महान दार्शनिक थे। 5 सितंबर 1888 को तमिलनाडु के छोटे से गांव तिरुमनी में जन्मे डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को 27 बार नोबेल पुरस्कार के लिए नामित किया गया था। 1954 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
डॉ. राधाकृष्णन का मानना था कि देश के सबसे महान दिमागों को ही शिक्षक बनना चाहिए। जब उनके कुछ छात्रों ने उनका जन्मदिन मनाने की इच्छा जताई, तो उन्होंने कहा कि मेरे जन्मदिन को व्यक्तिगत रूप से मनाने के बजाय यदि इसे शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाए, तो मुझे गर्व महसूस होगा। तब से हर साल 5 सितंबर को हम यह खास दिन मनाते हैं।
माता-पिता हमें जन्म देते हैं, लेकिन शिक्षक हमें जीवन जीने की कला सिखाते हैं। वे केवल किताबों का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि हमारे चरित्र का निर्माण करते हैं और हमें सही-गलत का अंतर समझाते हैं। एक मोमबत्ती की तरह शिक्षक स्वयं जलकर दूसरों के जीवन को प्रज्वलित करते हैं।
शिक्षक हमारे जीवन से अज्ञानता के अंधकार को दूर कर उसे ज्ञान के प्रकाश से भर देते हैं। शिक्षक हमें सिर्फ पढ़ाते नहीं हैं, वे हमारे भविष्य को आकार भी देते हैं। हमें जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं। वे हमारी गलतियां बताते हैं, ताकि हम लगातार सुधार कर सकें। गुरु हमें जीवन के हर नए मोड़ पर आने वाली सभी कठिनाइयों से लड़ने की शक्ति देते हैं।
आज के इस पावन अवसर पर मैं अपने सभी गुरुओं का दिल से धन्यवाद करती हूं और उनके चरणों में प्रणाम करती हूं। धन्यवाद! जय हिंद, जय भारत!
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.