टाटा मोटर्स जल्द अपनी पॉपुलर 7-सीटर एसयूवी सफारी का इलेक्ट्रिक वर्जन लाने जा रही है। अपकमिंग फेस्टिव सीजन में लॉन्च होने वाली ‘सफारी.ईवी’ (Safari.EV) टाटा की पहली 7-सीटर इलेक्ट्रिक गाड़ी होगी।
कुछ ऐसी होगी डिजाइन
लुक और डिजाइन की बात करें तो इसका ओवरऑल शेप काफी हद तक रेगुलर सफारी जैसा ही रहेगा। कार की लंबाई, चौड़ाई, रूफ रेल्स और शार्क फिन एंटीना में कोई बदलाव नहीं दिखेगा। हालांकि, इलेक्ट्रिक मॉडल होने के नाते इसमें कुछ खास बदलाव जरूर मिलेंगे। जैसे आगे की तरफ बंद ग्रिल, नया फ्रंट और रियर बंपर, थोड़ा अलग डिजाइन वाली टेललाइट्स और हवा के दबाव को कम करने वाले एरो-ऑप्टिमाइज्ड अलॉय व्हील्स दिए जाएंगे। साथ ही इस पर खास ‘EV’ की बैजिंग भी देखने को मिलेगी।
धांसू हैं कार के फीचर्स
केबिन और फीचर्स के मामले में सफारी.ईवी कंपनी की सबसे प्रीमियम कार होगी। हाल ही में टेस्टिंग के दौरान दिखी तस्वीरों से पता चला है कि इसमें तीन स्क्रीन वाला सेटअप मिल सकता है। इसमें ड्राइवर डिस्प्ले और टचस्क्रीन के अलावा आगे बैठने वाले पैसेंजर के लिए एक अलग स्क्रीन होगी। इसके अलावा 6 और 7-सीटर ऑप्शन, 540-डिग्री कैमरा, वेंटिलेटेड सीट्स, पैनोरमिक सनरूफ, डॉल्बी एटमॉस साउंड सिस्टम, लेवल-2 ADAS और गाड़ी को बाहर से ही पार्क करने जैसा ‘समन मोड’ जैसे धांसू फीचर्स मिलने की पूरी उम्मीद है।
रेंज करीब 600 किमी
यह एसयूवी कंपनी के नए ‘Acti.EV+’ प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होगी। यह बेहतर राइडिंग और सेफ्टी के लिए जाना जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें 65kWh और 75kWh के बैटरी पैक का ऑप्शन मिल सकता है। इतना ही नहीं, ज्यादा रेंज चाहने वालों के लिए इसमें 80kWh का एक बड़ा बैटरी पैक भी दिया जा सकता है। यह टाटा की किसी कार में अब तक का सबसे बड़ा बैटरी पैक होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कार करीब 600 किमी तक रेंज ऑफर कर सकती है।
इन कारों से होगा मुकाबला
भारतीय मार्केट में सफारी.ईवी का सीधा मुकाबला महिंद्रा XEV 9S से होगा। इसकी बिक्री इस समय काफी अच्छी चल रही है। महिंद्रा की इस कार को सबसे ज्यादा पसंद इसकी सही कीमत की वजह से किया जाता है। माना जा रहा है कि टाटा मोटर्स भी आक्रामक कीमत रणनीति अपनाते हुए सफारी.ईवी को काफी किफायती दाम में लॉन्च कर सकती है। वर्तमान में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की भारी डिमांड को देखते हुए टाटा मोटर्स इस नए मॉडल के साथ अपनी मार्केट हिस्सेदारी को और मजबूत करने की कोशिश में है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.